अयोध्या तीर्थ क्षेत्र ने कराया गहनाग बाबा धाम का जीर्णोद्धार

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-तकरीबन 106.60 लाख की लागत से पर्यटन विकास कार्य पूरा

अयोध्या। प्रदेश सरकार ने अयोध्या क्षेत्र के पर्यटन विकास को नई गति दी है। इसी क्रम में जनपद के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकास खंड अमानीगंज के राम पट्टी में स्थित प्रसिद्ध गहनाग बाबा धाम (आस्तीकन गहनाग बाबा स्थल) का व्यापक पर्यटन विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से यह कार्य यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड को सौंपा गया था। लगभग 106.60 लाख रुपये की धनराशि से यह कार्य पूरा किया गया है।

परियोजना के अंतर्गत यात्री शेड की मरम्मत एवं निर्माण,

सीसी रोड का निर्माण, इंटर लॉकिंग का कार्य, कुंड का विकास,परिक्रमा मार्ग के जीर्णोद्धार,मुख्य द्वार के जीर्णोद्धार सहित अन्य पर्यटन विकास संबंधी सुविधाएं पूरी कर ली गई हैं। परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि ये कार्य स्थल को आधुनिक पर्यटन केंद्र बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। सरकार के प्रयासों से अयोध्या क्षेत्र अब न केवल राम भक्तों का केंद्र है, बल्कि विविध धार्मिक स्थलों का भी प्रमुख पर्यटन हब बनता जा रहा है।

जानिए, गहनाग बाबा धाम की विशेषताएं

गहनाग बाबा धाम नाग देवता की पूजा का प्रमुख केंद्र है। यहां सर्प दंश से पीड़ित श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं और विश्वास है कि बाबा की कृपा से वे स्वस्थ होते हैं। अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती और अंबेडकर नगर जैसे जिलों से हर साल हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। विशेष रूप से वार्षिक मेले के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। योगी सरकार ने राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या को वैश्विक पर्यटन स्थल बनाने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए हैं। सरकार ने धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, कनेक्टिविटी सुधार और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। मिल्कीपुर क्षेत्र में गहनाग बाबा धाम का विकास इसी व्यापक योजना का हिस्सा है।

इसे भी पढ़े  त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय से कराने की मांग

श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात साबित होगा

यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। यह विकास कार्य केवल एक मंदिर का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि आस्था और पर्यटन को जोड़ने का प्रयास है। बेहतर सड़कें, यात्री सुविधाएं, परिक्रमा मार्ग और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाएंगे। गहनाग बाबा धाम का यह कायाकल्प स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya