अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कंदैला गांव में पुरानी जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर हुए मां-बेटे पर गोली और बम से हमले के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी विजयभान सिंह को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार पाण्डेय के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब छह बजे कंदैला गांव में पूर्व से चले आ रहे विवाद और रंजिश को लेकर रामलगन मौर्या और उनकी मां पार्वती देवी पर गोली और बम से हमला किया गया था। हमले में रामलगन मौर्या गंभीर रूप से घायल हुए और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
वहीं उनकी घायल मां पार्वती देवी की इलाज के दौरान लखनऊ केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में 14 सितंबर को मौत हो गई। 22 अगस्त को राज सिंह और मनीष शर्मा ने लखनऊ के स्काई लाइन से फर्जी आईडी पर काली हुंडई वरना कार ली थी। इसके बाद अन्य साथियों के साथ मिलकर 25 अगस्त को कंदैला में नहर की पुलिया के पास वारदात को अंजाम दिया।
फरार आरोपी विजयभान सिंह उम्र करीब 47 वर्ष, निवासी ग्राम कंदैला,थाना पूराकलंदर समेत तीन पर एसएसपी ने 13 सितंबर को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।