-महापौर ने जिला पंचायत अध्यक्ष व नगर आयुक्त के साथ की अभियान की अगुवाई

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर नगर निगम की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत बुधवार को लता चौक से की गई। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ अभियान की अगुवाई करते हुए सफाई कार्य का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के लगभग सभी वार्डों में पार्षदों के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। लता चौक से रानी हो स्मारक तक विशेष सफाई कराकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। सफाई कर्मियों ने सड़क, फुटपाथ और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा-कचरा हटाया। इस अवसर पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल शहर को साफ-सुथरा बनाना नहीं है, बल्कि स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लता चौक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए आशीर्वाद स्वरूप दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
अभियान में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, भाजपा महानगर महामंत्री परमानंद मिश्र, मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, डॉ. जय गुरुदेव शुक्ल, डॉ. आदित्य प्रकाश सिंह, सुबोध चतुर्वेदी, राधारमण त्रिपाठी, अखिलेश पांडेय, केहर सिंह, अजय आजाद, भवानी शंकर त्रिपाठी, रघुनाथ यादव, इंद्रप्रीत कौर, प्रमोद मिश्र, अभय यादव, रामनरेश गुप्ता, कामेश्वर श्रीवास्तव, रोहित शर्मा, विनोद पाठक, श्रीनिवास शास्त्री सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग शामिल रहे।