दस हजार रूपये सुविधा शुल्क लेते मांझा जमथरा का लेखपाल गिरफ्तार

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने पकड़ा

अयोध्या। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने गुरुवार दोपहर मांझा जमथरा के लेखपाल को दाखिल-ख़ारिज में रिपोर्ट लगाने के लिए एक भूमि क्रेता से 10 हजार रूपये सुविधा शुल्क लेते गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लेखपाल के खिलाफ नगर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के मणि पर्वत निवासी मनीष कुमार मिश्र पुत्र राम प्रसाद मूल निवासी फरदहां गुलरिहा थाना मेंहदावल जिला संत कबीरनगर ने मांझा जमथरा क्षेत्र में राजेश द्विवेदी और मनोज कुमार सिंह से दो प्लाट का बैनामा लिया था और इसी जमीन का दाखिल-ख़ारिज होना था। दाखिल-ख़ारिज के लिए रिपोर्ट लगवाने के लिए उन्होंने हलका के राजस्व लेखपाल विकास कुमार से संपर्क किया तो लेखपाल ने रिपोर्ट लगाने के एवज में सुविधा शुल्क की मांग की। परेशान होकर क्रेता मनीष कुमार ने 10 दिन पूर्व मामले की लिखित शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दी।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक और टीम प्रभारी ने जिला प्रशासन से दो साक्षी मिलने के बाद कैमिकल लगवाकर सुविधा शुल्क के रूप में दिए जाने वाले 10 हजार रूपये शिकायतकर्ता को दिया। वार्ता के बाद राजस्व लेखपाल सुविधा शुल्क लेने के लिए नगर कोतवाली क्षेत्र के उदया स्कूल पुलिस चेक पोस्ट के पास पहुंचा तो टीम ने दोपहर बाद 12. 20 बजे उसको शिकायतकर्ता से सुविधा शुल्क लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम उसे अपने साथ लेकर नगर कोतवाली चली गई। जहां मूल रूप से जौनपुर जनपद के बक्शा थाना क्षेत्र स्थित डीह जमनियां निवासी राजस्व लेखपाल विकास कुमार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इसे भी पढ़े  ऐतिहासिक होगा 26 जुलाई का पीडीए महासम्मेलन : अवधेश प्रसाद

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक राय साहब द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत मिलने के बाद नियम-कायदे का पालन करते हुए समस्त औपचारिकताओं को पूरा कर राजस्व निरीक्षक विकास कुमार को विभाग की ट्रैप टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7,13 (1) (बी ) व 13 (2 ) के तहत रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है और अग्रिम विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya