-छप्पर में सो रहा था किसान,छप्पर भी जलकर हुआ राख़,हादसा या हत्या पुलिस दोनों मामले पर कर रही जांच
रुदौली-अयोध्या। कोतवाली रुदौली क्षेत्र के रहीमगंज गांव में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे खेत में बने छप्पर के अंदर 65 साल के किसान कमलेश कुमार सैनी का जला हुआ शव मिला। कमलेश सोमवार रात भोजन करने के बाद रोज की तरह फसल की रखवाली के लिए खेत गए थे। सुबह ग्रामीण खेत पहुंचे तो छप्पर पूरी तरह जला हुआ मिला और अंदर चारपाई पर किसान का शव पड़ा था। परिजनों ने हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए आग लगाने की आशंका जताई है।
कमलेश कुमार सैनी पुत्र छेदीलाल प्रतिदिन रात में अपने खेत पर बने छप्पर में ही सोते थे। मंगलवार सुबह जब आसपास के किसान खेत पहुंचे तो उन्होंने छप्पर को जलता हुआ नहीं, बल्कि पूरी तरह राख में तब्दील देखा। अंदर चारपाई पर कमलेश का शव बुरी तरह जली अवस्था में पड़ा था। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने पर रुदौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का कहना है कि कमलेश की हत्या करने के बाद घटना को आग लगने से हुई मौत दिखाने के लिए छप्पर में आग लगाई गई। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कमलेश कुमार सैनी झारखंड में भी काम करते थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं विधायक रामचंद्र यादव ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।