-मिलिट्री इंटेलिजेंस की जिला इकाई ने दी थी सूचना
अयोध्या। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन की राजकीय रेलवे पुलिस ने प्लेटफार्म से सेना के एक फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार किया है। इसके संबंध में सेना अभिसूचना की जिला इकाई ने जीआरपी को जानकारी दी थी। जीआरपी ने पकड़े गए फर्जी अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की धारा में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है और जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।
बताया गया कि मिलिट्री इंटेलीजेंस की जिला इकाई को जानकारी मिली थी कि रेलवे स्टेशन और कैंट एरिया में अक्सर एक सेना का अधिकारी देखा जा रहा है। जो खुद को आर्टिलरी का अधिकारी और डोगरा रेजिमेंट में कैंटीन इंचार्ज बताता है। वह समय समय पर सेना की अलग अलग वर्दी धारण करता है। सूचना पर सक्रिय मिलिट्री इंटेलीजेंस की टीम ने गोपनीय तौर पर जांच पड़ताल की तो पता चला कि सेना की वर्दी में घूमने वाला शख्स फ्रॉड है और सेना की वर्दी और फर्जी आईडी कार्ड का इस्तेमाल कर रहा है। जिसके बाद मामले की जानकारी जीआरपी को दी गई।
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह का कहना है कि यात्रियों की मदद से प्लेटफार्म नंबर एक से एक संदिग्ध सैन्य अधिकारी को पकड़ा गया। उसके पास से मिले आईडी कार्ड पर करन यादव पुत्र उदय भान सिंह यादव निवासी ग्राम गहमर जिला गाजीपुर दर्ज मिला है। इसी नाम का आधार कार्ड भी मिला है।
कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना नाम पता सुरेंद्र निषाद पुत्र स्व शारदा निषाद निवासी ग्राम मोहपरिया थाना बलुआ जिला चंदौली बताया है। इसके पास से सेना की वर्दी, फर्जी नेम प्लेट,रिबन के साथ एटीम,आधार, परिचय पत्र, क्रेडिट कार्ड आदि बरामद हुआ है।पकड़े गए शख्स के खिलाफ धोखाधड़ी और कूट रचना की धारा में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवा चालान किया जा रहा है।
तीन दिन से लापता किशोर बरामद
अयोध्या। कैंट थाना पुलिस ने तीन दिन से लापता किशोर को बरामद किया है। बरामद किशोर का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा उसके पिता के हवाले किया है। थाना क्षेत्र के रतिया निवासी विक्की कोरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी उनका 15 वर्षीय बेटा नितेश कुमार तीन दिन पूर्व घर से निकाला लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
पारिवारिक जनों ने नात रिश्तेदार से लेकर सभी संभावित जगहों पर तलाश की,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।प्रकरण में शिकायत मिलने पर पुलिस ने बहला फुसलाकर भाग ले जाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी।पुलिस का कहना है कि लापता किशोर मिल गया है। उसका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा परिवार के हवाले किया जा रहा है। पुलिस घटनाक्रम और कारण की तहकीकात में जुटी है।
विधि विज्ञान प्रयोगशाला के निर्देश पर हुई डीएनए सैंपलिंग
अयोध्या। इनायत नगर थाना क्षेत्र निवासी किशोरी को अगवा कर उसके साथ हुए दुष्कर्म के मामले में विवेचक ने फिर से पीड़िता और आरोपी किशोर का डीएनए सैंपलिंग कराया है। इसके लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ के डीएनए अनुभाग ने निर्देश दिया था। प्रकरण के विवेचक इनायत नगर के उप निरीक्षक अमर बहादुर पटेल का कहना है कि थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के मामले में पलिया प्रताप शाह निवासी एक किशोर के खिलाफ पुलिस ने पहले किशोरी को बहला फुसला कर अगवा करने का मामला दर्ज किया था।
बाद में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई थी और पुलिस ने दोनों का मेडिकल,डीएनए तथा ब्लड सैंपलिंग कराई थी। जिसका नमूना जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भिजवाया गया था। विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ के डीएनए अनुभाग के निर्देश पर जनपद के किशोर न्याय बोर्ड अदालत के आदेश से मंगलवार को फिर से पीड़िता और बाल अपचारी का डीएनए और ब्लड सेंपलिंग कराई गई है। जिसको जांच के लिए लखनऊ भिजवाया जाएगा।