-परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था

मृतक अंजय (फाइल फोटो)
मिल्कीपुर-अयोध्या। नगर पंचायत कुमारगंज के अमावा छीटन गांव में फर्राटा पंखा लगाते समय करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और मेहनत-मजदूरी कर पत्नी व बच्चों का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार अमावा छीटन निवासी अंजय (28) गुरुवार की रात अपने घर में फर्राटा पंखा लगा रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना दिए जाने पर थाना कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम गांव में गमगीन माहौल के बीच अंजय का अंतिम संस्कार कर दिया गया। चौकी प्रभारी विश्वविद्यालय अभिषेक सिंह एवं सभासद विकास सिंह ‘विक्की’ ने बताया कि मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।
अंजय मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी शोक की लहर है और बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। नगर पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह छोटू ने कहा कि परिवार का हर संभव मदद किया जाएगा। मृतक के दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने के कारण परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि अंजय परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी मेहनत और लगन से निभाता था। उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।