भागीपुर में गलत विलेज कोड बना किसानों की परेशानी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-योजनाओं के लाभ से वंचित ग्रामीणों ने तहसील पर दिया धरना, सौंपा ज्ञापन

मिल्कीपुर। विकासखंड मिल्कीपुर के भागीपुर गांव में गलत विलेज कोड दर्ज होने के कारण ग्रामीणों और किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। समस्या के लंबे समय से समाधान न होने पर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को धरना प्रदर्शन के रूप में सामने आया। ग्राम प्रधान अजीत कुमार जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने मिल्कीपुर तहसील परिसर में एकदिवसीय धरना दिया और उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।

ग्राम प्रधान अजीत कुमार जायसवाल ने बताया कि गलत ग्राम कोड दर्ज होने से गांव के किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान पंजीकरण समेत कृषि विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। इसके कारण किसानों को आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही है और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन प्रशासनिक त्रुटि के चलते भागीपुर के किसानों तक इन योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार एसडीएम कार्यालय में लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले छह महीनों से किसान और ग्रामीण समस्या के समाधान के लिए तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।

लगातार उपेक्षा और योजनाओं से वंचित रहने के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी। उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार ने बताया कि विलेज कोड में सुधार के लिए संबंधित विभागों से पत्राचार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कोड सही कर दिया जाएगा तथा ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya