मिल्कीपुर। अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुमारगंज थाना क्षेत्र के बरईपारा कट के पास शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में बाराबंकी जिले में तैनात एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उनकी मोटरसाइकिल अचानक हाईवे पर आए गोवंश से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार वर्मा (52) पुत्र वासुदेव, निवासी अतवई (अंबेडकर नगर), कुमारगंज से अयोध्या की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
इसी दौरान बरईपारा कट के पास अचानक एक गोवंश सड़क पर आ गया, जिससे उनकी बाइक सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल कुमारगंज पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हेड कांस्टेबल को उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुमारगंज थाना प्रभारी सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार वर्मा के रूप में हुई है, जो बाराबंकी जिले के असंद्रा थाने में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पुलिस विभाग और मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, हाईवे पर आवारा गोवंश की मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।