आईक्यूएसी निदेशक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह एवं समन्वयक डॉ. पी. के. द्विवेदी ने यह अवॉर्ड ट्रॉफी कुलपति को औपचारिक रूप से सौंपी

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय पटल पर अपनी अकादमिक श्रेष्ठता का परचम लहराते हुए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित होटल ताज पैलेस में आयोजित प्रतिष्ठित ‘टाइम्स नाउ एजुकेशन समिट 2026’ में विश्वविद्यालय को ‘एक्सीलेंस इन मल्टी-डिसिप्लिनरी इन हायर एजुकेशन’ सम्मान से अलंकृत किया गया।
यह पुरस्कार केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, हरियाणा सरकार के प्रतिनिधि गौतम गरुड़ और उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय की ओर से यह सम्मान आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के निदेशक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह एवं समन्वयक डॉ. पी. के. द्विवेदी ने ग्रहण किया।
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम का परिणाम है। यह सामूहिक समर्पण और अकादमिक निष्ठा का प्रतिफल है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप बहु-विषयक(मल्टी-डिसिप्लिनरी) शिक्षा, समग्र अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में हमारे प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर मिली यह स्वीकृति गर्व का विषय है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल उपाधि देना नहीं, बल्कि उन्हें अंतःविषयक ज्ञान और नैतिक मूल्यों से सुसज्जित कर वैश्विक चुनौतियों के योग्य बनाना है। यह सम्मान हमें अकादमिक उत्कृष्टता के नए प्रतिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगा।
नई दिल्ली से लौटने के उपरांत आईक्यूएसी निदेशक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह एवं समन्वयक डॉ. पी. के. द्विवेदी ने यह अवॉर्ड ट्रॉफी कुलपति को औपचारिक रूप से सौंपी। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित अंतःविषयक पाठ्यक्रमों, गुणवत्तापरक शोध और नवाचारों की प्रशंसा की। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, विभिन्न संकायों के अध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया।