अयोध्या में महिलाएं तैयार कर रहीं 2.50 लाख तिरंगे

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-हर घर तिरंगा अभियान के लिए 86 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं जुटीं

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे आत्मनिर्भर समूह अभियान को प्रदेश भर में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में अयोध्या जनपद में भी महिला स्वयं सहायता समूहों ने राष्ट्रभक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए तिरंगा निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया है। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अयोध्या में 2.50 लाख तिरंगे झंडे बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे पूरा करने में महिला समूह पूरी तरह जुटे हुए हैं।

जनपद अयोध्या के 11 विकास खंडों में कुल 772 ग्राम पंचायतें हैं। इन पंचायतों में तिरंगा पहुंचाने की तैयारी जोरों पर है। इस कार्य में 86 स्वयं सहायता समूह सक्रिय रूप से लगे हुए हैं, जिनमें कुल 309 समूह सदस्य राष्ट्रभक्ति की इस जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। महिलाओं की मेहनत और लगन से अयोध्या में अब तक 73,390 राष्ट्रीय ध्वज बनकर तैयार हो चुके हैं। शेष झंडों का निर्माण कार्य भी निरंतर जारी है।

यह अभियान न केवल राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का भी माध्यम बन रहा है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं घर बैठे ही राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण कर आय अर्जित कर रही हैं और साथ ही हर घर में तिरंगा पहुंचाने का संकल्प भी पूरा कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मनिर्भर भारत और हर घर तिरंगा के दोहरे लक्ष्य को अयोध्या की महिलाएं अपने परिश्रम से साकार करने में जुटी हुई हैं।

इसे भी पढ़े  विकास योजनाओ में गुणवत्ता के साथ लाई जाएगी तेजी : शशांक त्रिपाठी

जानिए, कहां कितने ध्वज हो रहे तैयार

तारुन विकास खंड में सबसे अधिक 97 ग्राम पंचायतें हैं और यहां 31,331 झंडे बनाने का लक्ष्य रखा गया है। रूदौली में 89 पंचायतें हैं और लक्ष्य 28,991 झंडों का है।मयाबाजार में 83 पंचायतों के लिए 26,809 झंडे निर्धारित हैं। मिल्कीपुर में 77 पंचायतें और 25,071 झंडे, बीकापुर में 75 पंचायतें तथा 24,325 झंडे का लक्ष्य है। अमानीगंज में 73 पंचायतों के लिए 23,579 झंडे बनाने हैं।

इसी तरह हैरिटनगंज में 60 पंचायतें और 19,480 झंडे, मसौधा में 57 पंचायतें तथा 18,411 झंडे, सोहावल में 56 पंचायतें और 18,088 झंडे, पूराबाजार में 54 पंचायतें तथा 17,442 झंडे, जबकि मवई में 51 पंचायतों के लिए 16,473 झंडे बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सबसे अधिक समूह सदस्यों की संख्या अमानीगंज (41) और मसौधा (42) में है, जो निर्माण कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हैं।

महिलाओं के हुनर से लहराएगा तिरंगा, गांवों में पहुंची टीम ने परखी गुणवत्ता

जिला मिशन प्रबंधक सरिता वर्मा ने कहा कि अयोध्या की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज अपने हुनर और मेहनत से न केवल परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना को भी नई ऊंचाई दे रही हैं। तिरंगा निर्माण से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भरता के साथ देशसेवा का संदेश दे रही हैं। उनके हाथों से तैयार हो रहा प्रत्येक तिरंगा उनके परिश्रम, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यह अभियान महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनमें नेतृत्व और आत्मविश्वास की भावना को भी मजबूत कर रहा है।

इसे भी पढ़े  कृषि विवि में 774 को उपाधि व 24 मेधावियों को मिलेगा स्वर्ण पदक

उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय टीम द्वारा गांवों में पहुंचकर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के तिरंगा निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया गया। मिशन प्रबंधक राज बहादुर एवं मिशन एग्जिक्यूटिव अवनीश पाण्डेय ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे झंडों का अवलोकन किया तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप तिरंगा तैयार करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीम ने महिलाओं के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें गुणवत्ता के साथ अधिक से अधिक तिरंगे तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया।

अयोध्या की धरती से दिया जाएगा देशभक्ति का संदेश

उप आयुक्त स्वतः रोजगार सरिता गुप्ता ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही झंडे तैयार किए जा रहे हैं। शेष लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के लिए समूहों को अतिरिक्त सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है। अयोध्या की धरती से लहराते ये तिरंगे न केवल देशभक्ति का संदेश देंगे, बल्कि महिलाओं की सामूहिक शक्ति का भी प्रमाण बनेंगे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya