-कार,एटीएम कार्ड तथा अन्य सामान बरामद
अयोध्या। जनपद की साइबर थाना पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज की मदद से बैंक में खाता खोल साइबर ठगी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कार,एटीएम कार्ड तथा अन्य सामान बरामद हुआ है।
नोडल अधिकारी साइबर क्राइम अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि एक पीड़ित की ओर से साइबर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दर्ज मामले की विवेचना में जुटी साइबर क्राइम थाना के प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर क्राइम मो अरशद की पुलिस टीम ने विकास मिश्रा उर्फ विकेश पुत्र सतीश मिश्र निवासी सी-115 अवंटिका रोहिणी सेक्टर एक थाना विजय बिहार जनपद रोहिणी दक्षिणी दिल्ली और विनय कुमार दूबे पुत्र सतीश कुमार दूबे उर्फ किसान दूबे निवासी ग्राम पड़री कृपाल थाना कोतवाली नगर,जनपद गोण्डा हाल पता डी-455 अवंटिका रोहिणी सेक्टर- एक थाना विजय बिहार जनपद रोहिणी दक्षिणी दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से आठ मोबाइल फोन,पांच पेमेन्ट बारकोड,एक स्वेप मशीन,चार मुहर,एक इंक पैड,एक डायरी,32 एटीएम कार्ड,15 आधार कार्ड, आठ पैनकार्ड,17 चेक बुक, 10 पासबुक, 13 बैंक लेटर,एक लैपटाप विथ चार्जर माऊस तथा दिल्ली में पंजीकृत एक कार बरामद हुई है।
उन्होंने बताया कि यह लोग अपने आधार कार्ड में अपना नाम पता और पिता का नाम बदल फर्जी आधार तैयार कर अलग अलग बैंको में फर्म के नाम पर चालू अथवा बचत खाता खोल चेकबुक,एटीएम आदि हासिल कर लेते थे और इसी का प्रयोग कर साइबर फ्राड से हासिल रकम को निकाल लेते थे। जिससे मोटा हिस्सा हासिल होता था। विनय कुमार दूबे के खिलाफ पहले से उसके गृह जिले में छेड़छाड़ व मारपीट तथा जम्मू कश्मीर व महाराष्ट्र में साइबर ठगी का मामला दर्ज मिला है।