कुलपति ने परीक्षा मूल्यांकन केंद्र का किया औचक निरीक्षण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में मिली लापरवाही, डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव का प्राचार्य पद पर प्रदत्त अनुमोदन तत्काल प्रभाव से निरस्त

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने विश्वविद्यालय के परीक्षा मूल्यांकन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूल्यांकन कार्य का जायजा लिया और केंद्र पर उपस्थित सभी परीक्षकों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए। मूल्यांकन केंद्र पर उपस्थित परीक्षकों को कुलपति ने निर्देशित किया कि परीक्षा प्रणाली विश्वविद्यालय की साख और छात्रों के भविष्य से जुड़ी एक बेहद संवेदनशील व महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मूल्यांकन कार्य में पूरी पारदर्शिता और सावधानी बरतें, यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि आगामी दीक्षांत समारोह से पूर्व सभी पाठ्यक्रमों का मूल्यांकन कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूरा कर परीक्षा फल घोषित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मूल्यांकन केंद्र प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर के विभिन्न विषयों, जैसे बॉटनी, जूलॉजी, सैन्य विज्ञान सहित अन्य विषयों के मूल्यांकन के लिए लगभग 250 से अधिक परीक्षकों को लगाया गया है। मूल्यांकन कार्य को तीव्र गति और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एवं मूल्यांकन केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।

डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव का प्राचार्य पद पर प्रदत्त अनुमोदन तत्काल प्रभाव से निरस्त

-डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के मूल्यांकन भवन में उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में घोर लापरवाही, अनैतिक आचरण तथा कोड ऑफ एथिक्स के उल्लंघन के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कुलपति के आदेश के अनुपालन में डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव का प्राचार्य पद पर प्रदत्त अनुमोदन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। मूल्यांकन भवन में शिक्षकों द्वारा किये जा रहे मूल्यांकन कार्य की देख-रेख एवं पर्यवेक्षण के लिए तैनात मूल्यांकन पर्यवेक्षकों (द्वय) द्वारा रिपोर्ट/आख्या दिनांक 28.07.2026 प्रस्तुत की गयी कि मनोविज्ञान विषय के परीक्षक डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव, जो कि मॉ दुर्गा सर्वाेदय महाविद्यालय, अरवल, सुल्तानपुर में प्राचार्य के रूप में अनुमोदित हैं, द्वारा गैर जिम्मेदारी से उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है तथा लापरवाही से मूल्यांकन करने के पश्चात् घूमते हुए पाये गये।

इसे भी पढ़े  किराना व्यवसाई के बेटे ने उत्तीर्ण की नीट परीक्षा, बढ़ाया क्षेत्र का मान

पर्यवेक्षकों द्वारा विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि बीए चतुर्थ सेमेस्टर विषय मनोविज्ञान की उत्तर-पुस्तिका में प्रश्नों का उत्तर न लिखे जाने के बावजूद डॉ. आलोक द्वारा जान- बूझकर अंक दिये गये तथा घोर लापरवाही करते हुए उत्तर-पुस्तिका के आन्तरिक पृष्ठों पर दिये गये अंक को उत्तर पुस्तिका के मुख्य पृष्ठ पर यथा स्थान अंकित नहीं किया गया। डॉ. आलोक के इस कृत्य से छात्र हित गम्भीर रूप से प्रभावित होते हैं। प्राचार्य होने की स्थिति में इस प्रकार के आचरण से सम्बन्धित महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण एवं प्रशासन के प्रतिकूल रूप से प्रभावित होना अवश्यम्भावी है। डा श्रीवास्तव द्वारा उपरिवर्णित कृत्य/आचरण विश्वविद्यालय परिनियम में शिक्षक/प्राचार्य के लिए वर्णित कोड आफ इथिक्स के प्रतिकूल है

। डा श्रीवास्तव विश्वविद्यालय आदेश संख्याः लो0अ0वि0/सम्ब0/ 2015/5096 दिनांकः 28.05.2015 के माध्यम से मॉ दुर्गा सर्वाेदय महाविद्यालय, अरवल, सुल्तानपुर में प्राचार्य के रुप में अनुमोदित हैं। अतः मूल्यांकन कार्य की शुचिता, पवित्रता, शिक्षक/प्राचार्य के लिए निर्धारित कोड आफ इथिक्स के प्रतिकूल अनैतिक आचरण तथा छात्र हितों के प्रभावी संरक्षण के दृष्टिगत कुलपति के आदेश 28. जुलाई 2026 के क्रम में डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव का मॉ दुर्गा सर्वाेदय महाविद्यालय, अरवल, सुल्तानपुर में प्राचार्य के पद पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रदत्त अनुमोदन आदेश निरस्त किया जाता है।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya