मण्डलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा कर दिए निर्देश

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-गुणवत्तापूर्ण कार्य, समयबद्ध योजनाओं का क्रियान्वयन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर दिया जोर

अयोध्या। मण्डलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, समस्त जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों, अपर आयुक्त श्री अजयकांत सैनी सहित मण्डल के सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/ पुलिस अधीक्षक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

गुणवत्तापूर्ण कार्य ना किए जाने पर कार्यदाई संस्था पर जताई नराजगी

बैठक में मण्डलायुक्त ने चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर कार्यदायी संस्था द्वारा समय से कार्य न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित को समय से गुणवक्ता से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्यदाई संस्था से लिया जाए गुणवत्ता प्रमाण-पत्र

जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि एक माह के भीतर कार्यदायी संस्थाओं से गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लें। कार्य कर रहे संबंधित कर्मचारियों का मानदेय समय पर दिया जाए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान अयोध्या जनपद की द्वितीय रैंकिंग पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी की समीक्षा में अयोध्या एवं अमेठी के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए अन्य जनपदों को भी अपनी रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। 15वें वित्त आयोग के कार्यों में बाराबंकी जनपद को विशेष सुधार करने को कहा गया।

इसे भी पढ़े  राष्ट्रपति मेरिटोरियस सर्विस मेडल से नवाजे गए कमांडेंट पंकज चौधरी

प्रवेश द्वारों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कारण पर्यटन विभाग

पर्यटन विभाग की राज्य योजनाओं की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सुल्तानपुर में पर्यटन द्वारा निर्माण कार्यों में प्रगति लाने, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, रायबरेली मार्ग पर बनाए जा रहे प्रवेश द्वारों को समय से पूर्ण करने तथा भूमि विवाद वाले प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा।

नई सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनपदों को रैंकिंग सुधारने तथा सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अमेठी में लंबित टेंडर प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आईसीडीएस एवं पोषण मिशन की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिया कि सैम एवं मैम बच्चों की नियमित निगरानी की जाए तथा पोर्टल पर समस्त सूचनाएं समय से अद्यतन की जाएं।

सीएमआईएस निर्माण कार्यों की नियमित करें समीक्षा

सीएमआईएस निर्माण कार्यों की समीक्षा में कार्यदायी संस्थाओं के साथ अलग से बैठक कर सभी लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने तथा सभी जिलाधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बाराबंकी में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली तथा खाद्य सामग्री की उपलब्धता, चिकित्सा एवं नहर संचालन की समीक्षा की। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री एवं अंश निर्धारण के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जिलाधिकारी को दिए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना एवं कृषि यंत्र बुकिंग की भी समीक्षा की गई।

एआर कोऑपरेटिव को निर्देश, किसी भी केंद्र पर खाद की उपलब्धता शून्य ना होने पाए

एग्री-स्टैक एवं कृषि निवेश की समीक्षा में मिनी किट वितरण, वन ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के अंतर्गत खेत तालाबों की प्रगति तथा सहकारिता केंद्रों पर उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी केंद्र पर खाद की उपलब्धता शून्य नहीं होनी चाहिए।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री मत्स्य पालन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक तालाबों का आवंटन करने तथा मत्स्य पालन को ग्रामीण आजीविका का मजबूत माध्यम बनाने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़े  सावन मेले के लिए अयोध्या तैयार, श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

गौशालाओं को बनाया जाए आत्मनिर्भर

निराश्रित गोवंश संरक्षण की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने प्रत्येक जनपद में वृहद गौशालाओं की स्थापना के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने, जलभराव की समस्या का समाधान कराने, चरागाह विकसित करने, गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा गोवंशों की समयबद्ध ईयर टैगिंग एवं एफएमडी टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालकों को पशु बीमा के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया।
डिजिटल लाइब्रेरी योजना की समीक्षा में अम्बेडकरनगर को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर पुस्तकों, फर्नीचर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत सहायकों के रिक्त पदों की शीघ्र भर्ती तथा जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि एवं उज्ज्वला योजना की भी समीक्षा की गई।
आशा कार्यकर्ताओं के शत-प्रतिशत भुगतान पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अमेठी एवं सुल्तानपुर जनपद में हेलीपैड निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

रेवेनुए के कार्यों की भी हुई समीक्षा

रेवेन्यू की समीक्षा में सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राजस्व से संबंधित अभिलेख एवं आंकड़े नियमित रूप से अद्यतन किए जाएं। साथ ही राजस्व फाइलों को चरणबद्ध तरीके से ई-फाइल प्रणाली में परिवर्तित करने तथा आईजीआरएस में लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बारिश के मौसम को देखते हुए मण्डलायुक्त ने सभी प्रमुख एवं संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त रखने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।

इसे भी पढ़े  अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद ने वॉलीबॉल खिलाड़ी का किया स्वागत सम्मान

बाल स्वास्थ्य की अलग से हुई समीक्षा

बैठक में मण्डलायुक्त महोदय ने यूनिसेफ एवं यूएनडीपी के सहयोग से संचालित बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों की पृथक समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत बच्चों का समय पर टीकाकरण कराया जाए तथा टीकाकरण से संबंधित समस्त सूचनाएं पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन रखी जाएं।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya