-मात्स्यिकी व पशु चिकित्सा महाविद्यालय के विद्यार्थियों से कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने किया सीधा संवाद
अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्व विद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक सुविधाओं और समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को मात्स्यिकी तथा पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए एक आधुनिक स्टूडेंट पोर्टल विकसित किया जाएगा, जिसके माध्यम से कक्षाओं, परीक्षा, अध्ययन सामग्री, सूचनाएं एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों को एक ही मंच पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से नियमित संवाद विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिससे कि छात्र हित में प्रभावी निर्णय लिए जा सकें।
कुलपति ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी समस्या या सुझाव को बिना किसी झिझक के विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखें जिससे कि उनकी समस्या का समाधान किया जा सके। इस अवसर पर कुलपति ने एनसीसी कैडेटों एवं छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से न केवल स्वयं नशे से दूर रहने, बल्कि परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस मौके पर अधिष्ठाता डा. नमिता जोशी, डीएसडब्ल्यू डा. डी. नियोगी, अधिष्ठाता डा. सी.पी सिंह, सचिव डा. जसवंत सिंह एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।