-लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले राणा बीकापुर के बहरायें गाव के हैं निवासी

अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए जय सिंह राणा (जय सिंह यादव राणा) को समाजवादी पार्टी का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के बहरायें गांव निवासी जय सिंह राणा को पार्टी का जिलाध्यक्ष नामित किया गया है। अध्यक्ष पद पर जय सिंह राणा नियुक्ति के ताजपोशी की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम ने पत्र जारी करके किया जिसमें अयोध्या के साथ साथ बलिया, बांदा, गौतम बुद्ध नगर, पीलीभीत, आव में भी उन्होंने जिलाध्यक्ष नियुक्त किया।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उनको नियुक्ति की है। पिछले वर्ष नवंबर में तत्कालीन जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव को पदमुक्त किए जाने के बाद से जिलाध्यक्ष का पद रिक्त था। हालांकि स्थाई जिला अध्यक्ष ना होने पर पारसनाथ यादव जिला अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के सभी कार्यों को संचालित करते रहे।
जय सिंह राणा की संगठन में युवा चेहरे के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें पार्टी के इतिहास में अब तक का सबसे युवा जिलाध्यक्ष बताया जा रहा है। पूर्व सांसद स्वर्गीय मित्रसेन यादव कीराजनीतिक पाठशाला से निकले जय सिंह राणा की संगठन में लंबी सक्रियता रही है। लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले राणा ने वर्ष 2012 में नवसृजित बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में महासचिव की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद युवजन सभा में प्रदेश सचिव समेत विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया। करीब आठ वर्षों तक युवजन सभा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने पार्टी के आंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भागीदारी की। पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन और संगठन में सक्रिय भूमिका के चलते वह अखिलेश यादव के विश्वासपात्र कार्यकर्ताओं में शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद जय सिंह राणा के सामने जिला संगठन को सक्रिय और मजबूत करने की चुनौती होगी। बूथ और सेक्टर स्तर पर संगठन को प्रभावी बनाना, वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ लेना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जय सिंह राणा ने कहा कि पार्टी में सभी जाति और धर्म के वरिष्ठ नेताओं कोसम्मान दिया जाएगा। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को मजबूत किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय कर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन के सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने रखा जाएगा। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है. सरकार का कोई भी काम ऐसा नहीं है जिससे गरीब वंचित छात्र एवं नौजवान तबके का भला हो सके।
पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटेंगे। अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन को मजबूत किया जाएगा।
जय सिंह राणा की नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। अब युवा नेतृत्व के साथ वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के समन्वय से जिला संगठन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।