-मंदिर निर्माण कार्य व मंदिर की शिल्पकला का किया अवलोकन

अयोध्या। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू बुधवार को पहली बार अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद वह राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे और रामलला के दरबार में मत्था टेका। उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमानजी के दर्शन किए।

मंदिर परिसर पहुंचने पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्माण अभियंता जगदीश आफले ने उनका सत्कार किया। इसके बाद संधू ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और निर्माण कार्य तथा मंदिर की शिल्पकला का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर की भव्य स्थापत्य शैली, नक्काशी और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी ली। दर्शन-पूजन के दौरान संधू ने मंदिर की धार्मिक और स्थापत्य विशेषताओं को करीब से देखा।

मंदिर परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने उन्हें निर्माण कार्य की प्रगति और मंदिर की संरचना से संबंधित जानकारी भी दी। मीडिया से बातचीत में संधू ने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश आने का अवसर मिला और भगवान की कृपा से उनकी यात्रा अयोध्या से शुरू हुई। रामलला के दर्शन को उन्होंने अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या आकर बहुत प्रभावित हुए हैं।
अयोध्या के विकास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह बहुत सुंदर नगरी बन रही है। उन्होंने अयोध्या में गुरु नानकदेव जी की तपोस्थली और गुरुद्वारे का भी उल्लेख किया। कहा कि यहां गुरु नानकदेव जी से जुड़े गुरुद्वारे को देखना उनके लिए दोहरी खुशी का अवसर है। राम मंदिर के आधुनिक वास्तु की भी उन्होंने प्रशंसा की।