-पुलिस ने साथ काम करने वाले तीन साथियों को किया गिरफ्तार
अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के किन्नर की शुक्रवार को हुई हत्या में पुलिस ने उसके साथ काम करने वाले तीन को गिरफ्तार किया है। इनके पास से वारदात में प्रयुक्त आला कत्ल और कार बाइक तथा जेवरात व अन्य सामान बरामद किया है। किन्नर की हत्या के पीछे जलन और ईर्ष्या को कारण बताया है। जिला अस्पताल प्रशासन के मेमो पर नगर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। मौत की वजह स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित रखवाया था।
बीकापुर कोतवाली के चौरे बाजार कनावा मार्ग पर गुरुवार की शाम सड़क किनारे कोतवाली क्षेत्र के सरेसर तिवारी का पुरवा निवासी अभिषेक दुबे (23 वर्ष) पुत्र दिलीप घायल अवस्था में मिला था। मामले की जानकारी पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिवार की मदद से उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर में भर्ती कराया गया।
जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। चाचा संजय कुमार दुबे की ओर से अभिषेक को गंभीर हाल में जिला अस्पताल पहुंचाया गया तो इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर दिया था। प्राथमिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि चार पहिया वाहन सवार दो लोग उसको गंभीर घायल हाल में लाकर छोड़ गए थे। प्रकरण में मृतक के बड़े भाई अविनाश दुबे ने हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी देहात बलवंत चौधरी ने बताया कि इस ब्लांड मर्डर के अनावरण के लिए बीकापुर कोतवाल अमरेन्द्र बहादुर सिह और सर्विलांश सेल /एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक अम्बरेश कुमार त्रिपाठी की टीम को लगाया गया था। टीम ने नुवावा गांव के पास रोड से अंशू मौर्या (22 वर्ष) निवासी सरायखर्गी कोतवाली बीकापुर और विजय ढोलकिया (32 वर्ष) निवासी ग्राम हथिगो थाना हैदरगंज जिला अयोध्या तथा नताशा किन्नर (31 वर्ष) निवासी ग्राम जिनबा चौराहा नारायनपुर बाजार जिला बस्ती को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से पांच मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक ईको कार, एक कैंची,दो डण्डा,सोने की सात अंगूठी,पीले ब काले रंग का एक कड़ा, पीले रंग का चूड़ा,चांदी का पैर का कड़ा,एक जोड़ा पायल,एक जोड़ा पैर की बिछिया, एक ब्रेसलेट व 220 रुपए बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि मृतक अभिषेक दुबे उर्फ रिंकी मिश्रा ने 10 मई को भव्य रूप से अपना जन्मदिन मनाया था और इसमें काफी लोग आमंत्रित थे।
आरोपी उसकी शानो शौकत और संपन्नता से मन ही मन जलन करने लगे थे और इसी कारण उसको मारा पीटा तथा जेवरात व कीमती सामान लूट अधमरा कर उसको विठ्ठलपुर गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानलेवा हमले के मामले में दो गिरफ्तार
अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने कोतवाली के वजीरगंज मोहल्ले में हुए जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है। नगर कोतवाल अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि प्रकरण की विवेचना के दौरान वजीरगंज केवटहिया निवासी नितिश सोनकर उम्र 26वर्ष और रिंकू उर्फ टिंकू सोनकर उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना कराई जा रही है।
धोखाधड़ी के आरोपियों पर इनाम घोषित
अयोध्या। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तारून थाने में दर्ज एक धोखाधड़ी और गाली गलौच तथा धमकी के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दस हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय ने बताया कि तारून थाने में सगे भाइयों के खिलाफ गत वर्ष रिपोर्ट पंजीकृत कराई गई थी। दर्ज मामले की विवेचना में जुटी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है लेकिन आरोपी मिल नहीं रहे ।
जिसके कारण एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने नामजद आरोपियों महेश कुमार वर्मा व इसके भाई मुकेश कुमार वर्मा पुत्रगण स्व कल्लू प्रसाद वर्मा निवासी मकसूदनपुर थाना तारून की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के लिए प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।