मर्द को भी होता है मनोदर्द : डा. आलोक मनदर्शन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-भावनाओं का दमन नहीं रेचन करें, हैप्पी हार्मोन बढ़ाते हैं इमोशनल रेगुलेशन

डा. आलोक मनदर्शन

अयोध्या। मर्द होने का मतलब यह नहीं है कि कभी रोना, उदास होना, क्रोधित होना व परेशान नही होना और हमेशा मुस्कुराते रहना। इसे भावनाओं का दमन या रिप्रेसन करना कहते हैं। दबाए हुए इमोशंस ज़रूरत से ज़्यादा भरे हुए फ्रिज की तरह होते हैं जिससे किसी दिन दरवाज़ा खोलते ही बदबूदार व सड़े सामान बाहर गिरने लगेगें। ऐसा ही हमारे दिमाग के साथ होता है।

जब हम अपने दुख, गुस्से या डर को छुपाते हैं, तो वह अंदर ही अंदर इकट्ठा होकर एक दिन बड़े मानसिक तनाव, डिप्रेशन या पैनिक एंजायटी या भयानक गुस्से के रूप में ब्लास्ट हो सकता है। अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस 19 नवंबर पर यह बातें जिला चिकित्सालय के मनोपरामर्शदाता डा आलोक मनदर्शन ने कही। डा मनदर्शन के अनुसार हैप्पी हार्मोन्स डोपामाइन,एंडोर्फिन, ऑक्सीटोसिन व सेरोटोनिन की रेगुलर डोज़ से निगेटिव इमोशंस का वेंटीलेशन व प्रोसेसिंग होती है जिसका सर्व सुलभ माध्यम है म्यूजिक।

म्यूजिक ब्रेन के सुनने वाले हिस्से आडिटरी कोर्टेक्स, इमोशन सेंटर अमिग्डाला व लिम्बिक सिस्टम, मेमोरी सेंटर हिप्पोकैंपस तथा शरीर की मूवमेंट कंट्रोल वाले हिस्से मोटर कोर्टेक्स को एक साथ सक्रिय कर देता है। यही वजह है कि संगीत धुन सुनते ही थिरकन तथा भूली-बिसरी यादें जीवंत हो जाती हैं। तेज बीट्स व उत्साहवर्धक संगीत दिमाग में डोपामाइन ‘फील-गुड’ न्यूरोट्रांसमीटर को रिलीज करता है।

धीमी गति का शास्त्रीय संगीत या लाइट इंस्ट्रूमेंटल धुनें सेरोटोनिन के श्राव से स्ट्रेस हार्मोन कोर्टिसोल को घटाकर हार्ट-बीट व ब्लड-प्रेशर को सामान्य करती हैं। न्यूरो-म्यूजिकोलॉजी के अनुसार साईकिक पेन रिलीवर हार्मोन इन्डॉर्फिन के कारण दर्द भरे गीत मरहम जैसा असर डालते हैं तथा रोमांटिक गीत लव हार्मोन ऑक्सीटोसिन का संचार करते हैं। इस प्रकार संगीत चारो हैप्पी हार्मोन्स की कॉकटेल डोज़ का कार्य करता है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya