-64 लाख की परियोजना से 300 परिवारों को मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा
\
अयोध्या। नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बहादुरगंज स्थित 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर 20 हॉर्स पावर क्षमता के नए पंप की स्थापना का शुभारंभ सोमवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर किया। उन्होंने नारियल फोड़कर एवं बटन दबाकर मशीन का संचालन शुरू कराया, जिसके साथ ही बोरिंग कार्य भी प्रारंभ हो गया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग निर्माण के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था में भी तेजी से सुधार कराया जा रहा है। इन प्रयासों का परिणाम है कि नगर की लगभग दो-तिहाई आबादी तक बेहतर पेयजल सुविधा पहुंच चुकी है। उन्होंने नागरिकों को पानी के महत्व को समझाते हुए आवश्यकतानुसा उसका उपयोग करने और जल संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 64 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। पंप स्थापित होने के बाद आसपास के करीब 300 परिवारों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य दो माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर पार्षद सुमन यादव, भाजपा नेता सुनील यादव, पार्षद धर्मेंद्र मिश्र, महाप्रबंधक जलकर सौरव श्रीवास्तव, अभियंता शशिकला तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।