शारदीय नवरात्र का भव्य आगाज, मां शैलपुत्री की आराधना में डूबी रामनगरी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-बड़ी देवकाली मंदिर में भोर से जुटे भक्त, छोटी देवकाली मंदिर में भी दर्शनार्थियों की लंबी कतार

अयोध्या। शारदीय नवरात्र का पावन पर्व सोमवार को मां शैलपुत्री की विधिवत आराधना के साथ शुरू हो गया। रामनगरी में आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। भोर से ही बड़ी देवकाली मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि छोटी देवकाली मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लग गईं। रुदौली स्थित मां कामाख्या धाम, कैंट क्षेत्र के पार्टेश्वरी माता और मरी माता मंदिर समेत शहर के तमाम देवी मंदिरों में देर शाम तक आरती और जयकारों की गूंज सुनाई दी।

कलश स्थापना के साथ शक्ति उपासना का यह पर्व विधि-विधान से आरंभ हुआ और भक्त देवी के विभिन्न स्वरूपों के पूजन में लीन नजर आए।वहीं नवरात्र के प्रथम दिन श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में वायव्य कोण (उत्तर -पश्चिम) पर प्रतिष्ठित जगज्जननी मां भगवती का कलश‌ स्थापन कर पूजन अर्चन किया गया। परकोटे के उत्तरी भुजा के मध्य स्थित मां अन्नपूर्णा का भी विशेष श्रृंगार कर आराधना की गई। मंदिर पहुंचने वाले भक्तों ने भी देवी उपासना का पुण्य पाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देशों पर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी है। मंदिर परिसरों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के दर्शन-पूजन कर सकें। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए सीसीटीवी निगरानी, नाकाबंदी और आपात चिकित्सा व्यवस्था भी सुनिश्चित की है।

इसे भी पढ़े  संपूर्ण समाधान दिवस : जिलाधिकारी ने तहसील सदर में सुनीं जनसमस्याएं

व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर के बाद बेहतर हुई हैं सुविधाएं

अयोध्या के विकास कार्यों ने भी इस पर्व की शोभा बढ़ाई है। राम मंदिर निर्माण और आसपास के क्षेत्र में हुए व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के बाद शहर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं पहले से बेहतर हुई हैं। चौड़े मार्ग, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंदिर परिसरों ने भक्तों को सहज अनुभव दिया।

विकास की इन परियोजनाओं ने न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दी है, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई ऊंचाई प्रदान की है। घरों से मंदिरों तक भक्ति का उत्साह साफ दिखाई दिया। महिलाएं-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में पहुंच रहे थे और जयकारे लगाते हुए नवरात्र की शुरुआत का आनंद ले रहे थे। प्रथम दिन की पूजा-अर्चना पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई।

बनी रहेगी सतर्कता और व्यवस्था

मंदिरों में घंटियों की ध्वनि, मंत्रोच्चार और आरती की रोशनी ने पूरे माहौल को दिव्य बना दिया। प्रशासन का कहना है कि पूरे नवरात्र के दौरान यही सतर्कता और व्यवस्था बनी रहेगी। सुरक्षा और विकास के समन्वय ने अयोध्या को न केवल आस्था का केंद्र बनाया है, बल्कि एक सुव्यवस्थित और आधुनिक तीर्थ नगरी के रूप में भी स्थापित किया है।

मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात : एसएसपी

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार सभी मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला पुलिस बल भी लगाया गया है।सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि भक्त बिना किसी असुविधा के दर्शन-पूजन कर सकें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल और फायर ब्रिगेड की टीमें भी तैनात हैं।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya