कुमारगंज सौ शैय्या चिकित्सालय की पैथोलॉजी का प्रिंटर महीनों से खराब

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-मरीजों को नहीं मिल रही जांच रिपोर्ट की प्रिंट कॉपी

मिल्कीपुर। नगर पंचायत कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में पैथोलॉजी विभाग का प्रिंटर पिछले एक माह से खराब पड़ा है। इसके चलते अस्पताल में प्रतिदिन होने वाली विभिन्न जांचों की रिपोर्ट मरीजों को प्रिंट के रूप में उपलब्ध नहीं हो पा रही है। अस्पताल प्रशासन फिलहाल मरीजों को व्हाट्सएप के माध्यम से जांच रिपोर्ट भेजकर काम चला रहा है, लेकिन इससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों के ब्लड टेस्ट सहित अन्य पैथोलॉजी जांचें की जाती हैं। रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसका प्रिंट न मिलने से मरीजों को मोबाइल पर भेजी गई रिपोर्ट ही डॉक्टर को दिखानी पड़ रही है।गांवो के जिन मरीजों के पास एंड्रॉयड मोबाइल या व्हाट्सएप की सुविधा नहीं है, उन्हें सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। कई मरीजों को बिना प्रिंट रिपोर्ट के मायूस होकर लौटना पड़ता है या फिर किसी अन्य के मोबाइल की सहायता लेनी पड़ती है। कुमारगंज सौ शैय्या चिकित्सालय में अयोध्या जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर और अमेठी से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अधिकांश मरीज ग्रामीण परिवेश से होने के कारण उनके पास स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं होता, जिससे डिजिटल माध्यम से रिपोर्ट प्राप्त करना उनके लिए आसान नहीं है।

इस संबंध में जब अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. रवि पांडे से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पैथोलॉजी का प्रिंटर ठीक कराने के लिए पीओसीटी कंपनी अपने साथ ले गई है। यही कंपनी अस्पताल की लैब का संचालन करती है। उन्होंने बताया कि प्रिंटर को शीघ्र वापस उपलब्ध कराने के लिए कंपनी से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक प्रिंटर नहीं भेजा गया है। अब कंपनी को दोबारा रिमाइंडर भेजा जा रहा है ताकि जल्द से जल्द प्रिंटर उपलब्ध हो सके और मरीजों को जांच रिपोर्ट की प्रिंट कॉपी मिलना शुरू हो जाए।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya