-स्वच्छता सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधारने तथा अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान तथा निराश्रित गोवंशों से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नगर निकायों से स्वच्छता सर्वेक्षण की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि जनपद की रैंकिंग में सुधार हेतु विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाए तथा नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वेस्ट मैनेजमेंट एवं अपशिष्ट प्रबंधन के उपायों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से एफआरएफ (फैसिलिटी रिकवरी सेंटर) की स्थिति एवं संचालन की जानकारी ली। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बड़े वाहनों के साथ-साथ संकरी गलियों में कूड़ा संग्रहण हेतु छोटे वाहनों की उपलब्धता एवं संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र से नियमित रूप से कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो। बैठक में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। साथ ही वाहनों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को निर्देश दिया कि तालाबों की नीलामी करते हुए अधिक से अधिक पट्टे किए जाए। दुकानों की भी रेट लिस्ट अद्यतन रखी जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त नवीन, अपर जिलाधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अम्बेडकर नगर थानीगई अरसन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वरासत आवेदन निस्तारण में लापरवाही पर राजस्व निरीक्षक तोरोमाफी व लेखपाल कटारी को कारण बताओ नोटिस, मई माह का भी वेतन अग्रिम आदेशों तक रोका गया
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बीकापुर ने राजस्व निरीक्षक तोरोमाफी घनश्याम लाल व लेखपाल-कटारी बीकापुर सविता यादव को कारण बताओ नोटिस जारी करते 03 दिवस के अन्दर स्पष्टीकरण देने तथा आग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित किया है।
उप जिलाधिकारी बीकापुर ने बताया कि शिवकुमार पुत्र राजदेव निवासी ग्राम तरहरा परगना पश्चिम राठ तहसील बीकापुर अयोध्या द्वारा जिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रार्थना पत्र के माध्यम से शिकायत करते हुए बताया कि उक्त के द्वारा वरासत आवेदनो को बिना जांच किये ही निरस्त कर दिया गया, प्रकरण की अपर नगर मजिस्ट्रेट अयोध्या द्वारा जांच की गयी और जांच में पाया गया कि राजस्व निरीक्षक तोरोमाफी घनश्याम लाल एवं लेखपाल कटारी बीकापुर सविता यादव द्वारा उ०प्र० राजस्व संहिता 2006 की धारा-33 में निहित प्राविधानों में उल्लिखित प्रक्रिया का अनुपालन नहीं किया गया एवं सरसरी तौर पर सम्बन्धित गाटों को विवादित दर्शाकर तहसीलदार न्यायालय पर प्रेषित कर दिया गया।
उप जिलाधिकारी बीकापुर ने राजस्व निरीक्षक तोरोमाफी घनश्याम लाल व लेखपाल कटारी बीकापुर सविता यादव द्वारा कार्य के प्रति शिथिलता एवं लापरवाही बरतने तथा आवेदनों को बिना जांच किये निरस्त करने के सम्बन्ध में संबंधितों का माह मई 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक बाधित किया है। इसके साथ ही स्पष्टीकरण 03 दिवस के भीतर प्रस्तुत न करने की दशा में उनके विरूद्व दण्डात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये है।