-लंबित आवेदन पत्रों के त्वरित निस्तारण करते हुए अधिकाधिक लाभार्थियों को जोड़ने के दिए निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, आवेदन पत्रों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त उद्योग श्री प्रभात रंजन शुक्ला ने जिलाधिकारी एवं उपस्थित सदस्यों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त उद्योग द्वारा विगत वर्ष की उपलब्धियों एवं अभियान की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने आवेदन पत्रों की संख्या बढ़ाने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, सीएससी केंद्रों एवं प्रशिक्षण प्रदान करने वाली संस्थाओं को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सीएम फेलो को निर्देशित किया कि जिन बैंक शाखाओं में आवेदन पत्र लंबित हैं, वहां प्रतिदिन व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों से कहा कि पात्र एवं इच्छुक लाभार्थियों को अभियान से जोड़ने हेतु अपने स्तर से भी विशेष प्रयास किए जाएं। जिलाधिकारी ने अकारण आवेदनों को लंबित रखने वाले बैंकों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना तथा पीएम सूर्यघर योजना के आवेदन पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत अधिकाधिक आवेदन सुनिश्चित कराने हेतु उपस्थित वेंडरों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग एवं बैंक अधिकारियों को योजना की प्रगति में तेजी लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह विभिन्न प्रमुख बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, अग्रणी जिला प्रबंधक, बैंकों के जिला समन्वयक, इकाई के जनपद स्तरीय सदस्य, जिला प्रबंधक सीएससी प्रभारी तथा औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।