-चक मार्ग को कराया कब्जा मुक्त, शिकायत पर लेखपाल निलंबित
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जा रहा है।
इसी क्रम में तहसील सोहावल के ग्राम खिरौनी निवासी द्वारा चकमार्ग की पैमाइश कराकर कब्जामुक्त कराने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी सोहावल एवं अधिशासी अधिकारी, सुचित्तागंज को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी द्वारा राजस्व टीम की उपस्थिति में चकमार्ग की पैमाइश कराई गई तथा नगर पंचायत खिरौनी द्वारा चकमार्ग पर मिट्टी पटाई का कार्य करा दिया गया।
तहसील बीकापुर के ग्राम रूरूखास निवासी द्वारा पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाए जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बीकापुर द्वारा कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जेदार को हटाकर आवेदिका को भूमि पर कब्जा-दखल दिलाया गया।
तहसील बीकापुर के ग्राम कोरो राघवपुर निवासी द्वारा गाटा संख्या से अवैध कब्जा हटवाने के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बीकापुर द्वारा संयुक्त टीम के माध्यम से उभय पक्षों के मध्य समझौता कराया गया तथा भूमि की सीमा निर्धारित कर मौके पर खूंटा गड़वा दिया गया।
तहसील सदर के ग्राम कादीपुर निवासी द्वारा चकमार्ग पर मिट्टी पटाई कराए जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी, पूरा बाजार द्वारा ग्राम कादीपुर स्थित चकमार्ग पर मिट्टी पटाई का कार्य करा दिया गया।
तहसील सोहावल के ग्राम बनबीरपुर निवासी द्वारा रास्ते से अतिक्रमण हटवाने किए जाने के संबंध में शिकायत की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सोहावल द्वारा जांच कराई गई। जांच में रास्ते पर स्थित पुरानी आबादी श्रेणी-6(2) के मकान की दीवार को नायब तहसीलदार, मसौधा एवं पुलिस टीम की उपस्थिति में हटवाकर रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
बीकापुर क्षेत्र के सटकपुर गयासपुर निवासी द्वारा सरकारी चकमार्ग की पैमाइश एवं मिट्टी पटाई कराए जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच में पाया गया कि गयासपुर स्थित संबंधित गाटा अभिलेखों में चकमार्ग के रूप में दर्ज है तथा मौके पर चकदारों द्वारा खेत में मिलाकर चकमार्ग पर कब्जा किया गया था। चकमार्ग की निशानदेही कराई गई। शिकायत सही पाए जाने पर तत्कालीन लेखपाल श्री गिरीश कुमार को निलंबित कर दिया गया तथा चकमार्ग पर मिट्टी पटाई का कार्य भी प्रारंभ करा दिया गया।
इसी प्रकार खपराडीह, बीकापुर निवासी द्वारा ग्राम पछियाना स्थित नवीन परती की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बीकापुर द्वारा जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि संबंधित गाटा संख्या नवीन परती के खाते में दर्ज है और विपक्षी द्वारा उस पर गन्ने की फसल लगाकर आंशिक कब्जा किया गया था। राजस्व टीम द्वारा मौके पर ट्रैक्टर से जुताई कराकर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा दिया गया।
विद्युत तारों को व्यवस्थित कर शिकायत का पूर्ण निस्तारण
तहसील सदर के नहरबाग निवासी द्वारा विद्युत विभाग के तार खुले में छोड़े जाने के संबंध में जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता द्वारा प्रकरण की जांच कर कार्यस्थल पर लटके विद्युत तारों को व्यवस्थित कराया गया तथा पोल एवं एबीसी केबिल लगाई गई। इसके उपरांत पूर्व से स्थापित विद्युत पोल की ग्राउटिंग का कार्य भी पूर्ण करा दिया गया, जिससे शिकायत का पूर्ण रूप से निस्तारण हो गया।
चकमार्ग की पैमाइश कराकर कराया गया पटाई का कार्य
आलापुर उपरहार दोस्तपुर, तहसील सदर निवासी द्वारा चकमार्ग की पटाई के संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर एवं बीडीओ मया को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी सदर की जांच में ग्राम आलापुर उपरहार स्थित संबंधित गाटा अभिलेखों में चकमार्ग के खाते में दर्ज पाया गया। राजस्व टीम द्वारा पुनः पैमाइश कर निशानदेही कराई गई तथा ग्राम प्रधान एवं खंड विकास अधिकारी, मयाबाजार के माध्यम से चकमार्ग की पटाई का कार्य करा दिया गया।
अवैध पानी का कनेक्शन काटकर शिकायत का निस्तारण
बछड़ा सुल्तानपुर, अयोध्या निवासी द्वारा अवैध पानी के कनेक्शन के संबंध में जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त, नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर जलकल अनुभाग द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया तथा शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए अवैध कनेक्शन को काटकर समस्या का समाधान कर दिया गया।
चकमार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराकर कराया गया सीमांकन
तहसील मिल्कीपुर के ग्राम सहियौना निवासी द्वारा नक्शे के अनुसार चकमार्ग के सीमांकन हेतु जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर की जांच में ग्राम सिधौरा स्थित संबंधित गाटा मार्ग के खाते में दर्ज पाया गया। राजस्व टीम द्वारा सीमांकन कर निशानदेही कराई गई। अगल-बगल के काश्तकारों द्वारा चकमार्ग पर जोत-बोकर किए गए अतिक्रमण को नायब तहसीलदार मिल्कीपुर एवं राजस्व टीम द्वारा हटवाकर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त करा दिया गया।
बंजर भूमि से अवैध कब्जा हटाकर की गई नियमानुसार कार्रवाई
रामपुर पुआरी, सदर अयोध्या निवासी द्वारा बंजर भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को हटवाने के संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को प्रकरण की जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा बंजर भूमि पर पक्की दीवार बनाकर कब्जा किया गया था। नायब तहसीलदार गोशाईंगंज की उपस्थिति में उक्त नए निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया। वहीं, संबंधित गाटे के आंशिक भाग पर निर्मित आवासीय पक्के मकानों के संबंध में धारा-67 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
बंजर भूमि से रास्ता उपलब्ध कराकर शिकायत का निस्तारण
फतेहगंज, सदर अयोध्या निवासी द्वारा सार्वजनिक बंजर भूमि से आवागमन के रास्ते में अवरोध तथा दबंगों के विरुद्ध कार्रवाई के संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बीकापुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी बीकापुर द्वारा आवेदक, ग्राम प्रधान एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में संबंधित गाटे के सामने स्थित बंजर खाते की भूमि से आवागमन हेतु रास्ता उपलब्ध कराया गया, जिससे शिकायत का निस्तारण हो गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।