नगर निगम ने परिक्रमा मेला क्षेत्र में किए स्वच्छता एवं पेयजल के व्यापक इंतजाम

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

– सरयू तट पर नौ स्थायी व 136 अस्थाई चेन्जिंग रूम की निश्शुल्क व्यवस्था, 15 सौ सफाई कर्मियों के साथ 471 बॉल व 30 मोबाइल टॉयलेट का प्रबंध

अयोध्या। चौदहकोसी व पंचकोसी परिक्रमा के दृष्टिगत अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार की मंशानुरूप अयोध्या नगर निगम ने व्यापक तैयारी की है। घाटों से लेकर परिक्रमा मार्गों तक सफाई, पेयजल, शौचालय, वस्त्र बदलने के कक्ष जैसी सुविधाएं पूरी की गई हैं।

अयोध्या आने वाले परिक्रमार्थियों के स्वागत के लिए नगर निगम पूरी तरह तैयार है। सरयू तट पर स्थित समस्त घाटों पर उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था की गई है। व्यवस्था के मद्देनजर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि अयोध्या धाम क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कैम्प लगाए गये हैं। महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए नौ स्थाई चेन्जिंग रूम तथा 136 अस्थाई चेन्जिंग रूम की निश्शुल्क व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा और पेयजल की व्यवस्था

-श्रद्धालुओं को करंट आदि से बचाव के लिए समस्त घाटों पर स्थापित विद्युत पोलों पर प्लास्टिक पॉलीथीन कवर लगाए गए हैं। चौदहकोसी/पंचकोसी परिक्रमा मार्गों के विभिन्न स्थलों प कैम्प लगाए गए हैं। इन टेंटों में प्रकाश, विश्राम हेतु कुर्सियां तथा पेयजल की व्यवस्था की गई है। पेयजल की स्थाई व्यवस्था के अलावा विभिन्न स्थलों पर 40 वाटर टैंकर लगाए गए हैं। नगर निगम सीमा में 85 वाटर कूलर (अयोध्या धाम में 48 एवं कैंट क्षेत्र में 37) तथा 25 वाटर कियोस्क (अयोध्या धाम में 18 एवं कैंट में 07) स्थापित किए गए हैं।

इसे भी पढ़े  रक्षा लेखा विभाग में खेल कोटे से भर्ती शुरू करने और कबड्डी टीम गठन का प्रस्ताव

30 मोबाइल एवं 471 बायो शौचालय स्थापित

– विभिन्न स्थलों एवं घाट क्षेत्रों में 30 मोबाइल शौचालय एवं 471 बायो शौचालय स्थापित किए गए हैं। सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालय भी प्रसाधन सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

परिक्रमा मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर व्यापक इंतजाम

-बस स्टेशन, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, होमस्टे, रेलवे स्टेशन तथा अधिक भीड़भाड़ वाले स्थलों पर उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं के पैदल चलने हेतु समस्त फुटपाथ पर प्रवर्तन दल द्वारा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई है।

प्रसारित किए जा रहे यातायात संबंधी जागरूकता संदेश

अयोध्या के महापौर एवं महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा पॉलीथीन मुक्त रखने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) और वेरिएबल मैसेजिंग सिस्टम (वीएमएस) के माध्यम से स्थानीय नागरिकों तथा श्रद्धालुओं-पर्यटकों को स्वच्छता अपनाने, पॉलीथीन का प्रयोग न करने तथा यातायात संबंधी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान

अयोध्या। आगामी चौदहकोसी, पंचकोसी परिक्रमा एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने जनसहयोग से अयोध्या को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने की पहल की है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने स्थाई एवं अस्थाई दुकानदारों, भंडारा आयोजकों एवं सामाजिक संगठनों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपेक्षा की है।

नगर ने अपने एलईडी सिस्टम के साथ अन्य माध्यमों से जारी अपील में कहा है कि परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले भंडारों में प्लास्टिक से निर्मित दोने-पत्तल, थर्माकोल व फाइबर के गिलास और प्लास्टिक की परत चढ़ी डिस्पोजल सामग्री का इस्तेमाल न किया जाए। इसके स्थान पर पारंपरिक पत्तों से निर्मित पत्तल-दोने तथा अन्य प्राकृतिक रूप से नष्ट होने योग्य (बायोडिग्रेडेबल) वस्तुओं का प्रयोग किया जाए।

इसे भी पढ़े  फेस्टिवल हैंगओवर का होता है मनोअसर : डॉ. आलोक मनदर्शन

महापौर ने कहा कि अयोध्या देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता होती है। ऐसे में अयोध्या की धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक वातावरण को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर आयुक्त ने कहा कि प्लास्टिक और डिस्पोजल सामग्री का अनियंत्रित इस्तेमाल न केवल नगर की स्वच्छता को प्रभावित करता है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी नुकसानदेह है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे धार्मिक आयोजनों को पर्यावरण संरक्षण का माध्यम बनाएं और नगर निगम के इस अभियान में सहभागी बने।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya