अयोध्या,। जनपद में बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के क्रम में आज तहसील सोहावल एवं सदर तहसील क्षेत्र में राहत किट का वितरण किया गया। तहसील सोहावल के अंतर्गत बाढ़ राहत शिविर सहारा बाग में माननीय विधायक बीकापुर डॉ. अमित चौहान के प्रतिनिधि सूर्य प्रताप श्रीवास्तव की उपस्थिति में 150 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की गईं।
राहत किट में आलू, प्याज, आटा, दाल, चावल, नमक, नहाने की बाल्टी, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड, तिरपाल सहित दैनिक उपयोग की कुल 26 आवश्यक सामग्री शामिल हैं। राहत सामग्री का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति में आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराकर उन्हें राहत एवं सहायता प्रदान करना है।
इसी क्रम में सदर तहसील के काजीपुर माझा क्षेत्र में 350 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की गईं। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करते हुए प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है।