पीएम पोषण योजना के तहत रसोइयों का हुआ सम्मान समारोह

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

अयोध्या। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग, अयोध्या में कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन सर्किट हाउस, अयोध्या में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर अयोध्या गिरीश पति त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह ‘रोहित’, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि जनपद अयोध्या में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत 1,918 विद्यालयों में 4,711 रसोइये कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रसोइयों के हित में उनके मानदेय को 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रूपये प्रतिमाह तथा यूनिफॉर्म के लिए दी जाने वाली धनराशि को 500 से बढ़ाकर 1,000 रूपये किया गया है। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए एमओयू के अंतर्गत किसी दुर्घटना अथवा आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल 2 लाख रूपये की सहायता तथा प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने सभी रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय की बधाई देते हुए कहा कि सरकार द्वारा रसोइयों के हित में किए गए निर्णय उनके कार्य के महत्व को दर्शाते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने रसोइयों को बच्चों को पोषणयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने के लिए बधाई दी।

इसे भी पढ़े  अयोध्या में 5 सितम्बर को होगा आइसा का जेन जी राइजिंग महाजुटान

उन्होंने कहा कि रसोइयों द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि जिस प्रकार एक मां अपने बच्चों के स्वास्थ्य और भोजन का ध्यान रखती है, उसी प्रकार रसोइये भी विद्यालय में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि पौष्टिक भोजन मिलने से बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है और उनका मन पढ़ाई में भी लगता है। मुख्य अतिथि महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने सभी रसोइयों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को प्रतिदिन गर्म, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी रसोइयों से इसी प्रकार पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय से संबंधित चेक तथा कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र ने सभी गणमान्य अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी डॉ. अम्बिकेश त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन योजना अंकुर सिंह, जिला समन्वयक प्रशिक्षण आदर्श सिंह, जिला समन्वयक निपुण भारत मिशन रॉबिन पाल, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा शिवाकांत द्विवेदी, जिला समन्वयक एमआईएस विमलेंद्र मोहन मिश्रा, जनपद के एसआरजी अमित कुमार मिश्रा एवं सुमित पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी मसौधा शैलेन्द्र कुमार, विभिन्न विकास खंडों के एआरपी डॉ. शशिधर द्विवेदी, दीपक पांडेय, सतेंद्र पांडेय, अनिल तिवारी, अनिल दुबे, हरीश कुमार, नीरज शुक्ल एवं धीरज शुक्ला सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में रसोइये उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya