-अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में निराश्रित श्वानों से संबंधित पारित आदेशों के अनुपालन के संबंध में समीक्षा बैठक एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में श्वानों के प्रबंधन, सुरक्षा तथा डॉग-बाइट की घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी सरकारी एवं निजी संस्थागत कार्यालयों तथा विद्यालयों के परिसरों की सूची तैयार कर वहां बाउंड्री एवं सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाए। संस्थागत परिसरों में पाए जाने वाले आवारा श्वानों को चिह्नित कर नियमानुसार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बनाए गए एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर तक पहुंचाया जाए। इस कार्यवाही की जिम्मेदारी संबंधित नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ABC Rules, 2023 के अनुसार पकड़े गए श्वानों के बंध्याकरण, टीकाकरण एवं शेल्टर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सरकारी एवं निजी अस्पतालों में एंटी-रेबीज वैक्सीन तथा इम्युनोग्लोबुलिन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे श्वानों के काटने की स्थिति में पीड़ितों को तत्काल उपचार मिल सके।
बैठक में डॉग-बाइट की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन, त्वरित कार्रवाई एवं उपचार के लिए रेफरल व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। संबंधित अधिकारियों को श्वानों के प्रबंधन से जुड़ी कार्यवाही एवं सूचनाएं www.nagarvikasup.org पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके।
बैठक में नगर आयुक्त श्री जयेंद्र, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ देवेंद्र भिटौरिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी इंद्रदेव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय विशु राजा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।