-सहुलारा कांड पर भड़के सांसद अवधेश प्रसाद, बोले-प्रदेश में कानून व्यवस्था खत्म
अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सहुलारा गांव में आठ दिन पूर्व घर के सामने खेलते समय लापता हुए तीन वर्षीय मासूम सुधांशु उर्फ कल्लू का क्षत-विक्षत शव बृहस्पतिवार को घर के समीप स्थित बाग में झाड़ियों के बीच मिला। मासूम का सिर और धड़ अलग-अलग पड़े थे, जबकि उसके हाथ-पैर अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही अयोध्या-फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद सहुलारा गांव पहुंचे।
उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान सांसद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मासूम बच्चे तक सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और जंगलराज कायम है। सांसद ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने अयोध्या आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मिल्कीपुर के सहुलारा गांव में एक मासूम की दर्दनाक मौत से मातम पसरा हुआ है। जिस सरकार में आम आदमी और मासूम बच्चे सुरक्षित न हों, उस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने प्रशासन को 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में घटना का पर्दाफाश नहीं हुआ तो पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जोरदार सत्याग्रह किया जाएगा। गौरतलब है कि बीते 29 अक्टूबर को सहुलारा गांव निवासी शोभनाथ उर्फ रोहित का तीन वर्षीय पुत्र सुधांशु उर्फ कल्लू घर के सामने खेलते समय अचानक लापता हो गया था। मासूम की मां की तहरीर पर इनायतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
आठवें दिन बृहस्पतिवार को घर के समीप बाग में झाड़ियों के बीच उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। बताया जाता है कि पास के पेड़ से बंधे गोवंश के रस्सी तोड़कर भागने के बाद उसके पीछे पहुंचे पशुपालक की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही इनायतनगर के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव के अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों की निगाहें अब पुलिस की जांच और इस जघन्य घटना के खुलासे पर टिकी हैं।