-विशेष कैंप दिवसों पर बीएलओ की उपस्थिति के निर्देश
अयोध्या।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के संभाजन एवं अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर कराए जाने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण से पूर्व की जाने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों में मतदेय स्थलों का संभाजन प्रमुख है। आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों का संभाजन अधिकतम 1200 मतदाताओं के आधार पर तथा 300 से कम मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों की समीक्षा के आधार पर किया जाना है। जिन मतदेय स्थलों के भवन पुराने अथवा जर्जर नहीं हैं तथा जहां मतदाताओं को 02 किलोमीटर से अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ती है, ऐसे मतदेय स्थलों की स्थिति में अनावश्यक परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
मतदेय स्थलों के संभाजन का कार्यक्रम
मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन का कार्य 16 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी तथा उनके साथ बैठक कर मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिनांक 26 अक्टूबर 2026 तक दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रस्ताव उपलब्ध कराने की तिथि 27 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत एकीकृत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों का विवरण
271-रुदौली: वर्तमान में 413 मतदेय स्थल।
273-मिल्कीपुर (अजा): वर्तमान में 443 मतदेय स्थल।
274-बीकापुर: वर्तमान में 443 मतदेय स्थल।
275-अयोध्या: वर्तमान में 419 मतदेय स्थल।
276-गोसाईंगंज: वर्तमान में 475 मतदेय स्थल।
उक्त पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 2193 मतदेय स्थल हैं। इनमें 300 से कम मतदाताओं वाले 14 मतदेय स्थल तथा 1200 मतदाताओं के आधार पर संभाजन हेतु चिह्नित 02 मतदेय स्थल दर्शाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार दिनांक 17 अक्टूबर 2026 एवं 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विशेष कैंप दिवसों के संबंध में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोजित मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
निर्देशित किया गया कि बीएलओ सुपरवाइजर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आवंटित मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे तथा प्रत्येक बीएलओ कम से कम 10 युवा मतदाताओं के फॉर्म-6 एकत्रित करेंगे। बीएलओ सुपरवाइजर प्रत्येक दो घंटे पर प्राप्त फॉर्मों की सूचना क्रमशः 12:00 बजे, 02:00 बजे एवं 04:00 बजे निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय के कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएंगे।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 05278-222527 पर सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।
अंत में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे बीएलओ के माध्यम से अर्ह युवा एवं महिला मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने में सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक समावेशी एवं अद्यतन बनाया जा सके।