चक्रवाती तूफान ने ले ली पाँच की जान, लगभग दर्जन भर घायल

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-तूफान में ट्राली पलटने से तीन की मौत, दीवाल गिरने से दो की मौत

सोहावल ।बृहस्पतिवार की शाम को आये तूफान तेज हवा व आँधी ने पाँच महिलाओं की जान ले ली। जनपद की सोहावल तहसील क्षेत्र के महोली मजरे सैदपुर गांव निवासी ललिता 22 वर्ष पूजा 19 वर्ष पुत्री जल्ला ट्राली पर भूसा लाने के लिए गयी थीं। कमला पत्नी राजेंद्र कुमार उम्र 28 वर्ष गेहूं काटने खेत में गई थी।आंधी आने पर एक ट्रैक्टर ट्राली के नीचे छिप गयी। आंधी की वजह से ट्राली उनके ऊपर पलट गयी। ग्रामीणों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना हाजीपुर मजरे गंज की है। जहाँ सुशील कुमार व उनकी पत्नी ओला से बचाने के लिए मैदान में बंधी भैंस को छप्पर में बांधने गये। तेज आंधी से एक पेड़ टूटकर बगल में बनी ईंट की दीवाल पर गिरी जिसकी चपेट में आकर सुशील कुमार की पत्नी गीता देवी उम्र लगभग 60 वर्ष की मौत हो गयी।जबकि सुशील गम्भीर रूप से घायल हो गये।दबने से भैंस की भी मौत हो गयी। तीसरी घटना तहसील क्षेत्र के ही तहसीनपुर के मजरे पूरे जिग्ना मिश्र की है। यहां किसान यूनियन के नेता अधिवक्ता नकुल पांडेय के अनुसार धन्नीपुर बुधौलिया निवासी दीपा यादव उम्र करीब 32 वर्ष जो कि जिगना मिश्र का पुरवा गाँव में गेहूँ काटने आई थी। अचानक आई तेज आँधी के कारण ख़ुद को बचाने के लिये वह गाँव निवासी प्रदीप मिश्रा के चद्दर के नीचे छुप गयी।

साथ में पहले से शुभम तिवारी नाम का एक बच्चा भी छुपा था। दीपा टीन शेड के नीचे छुपी ही थी कि तभी दीवाल सहित टीन उसके ऊपर गिर पड़ी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चोटिल शुभम को इलाज के लिये चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब रौनाही टोल प्लाज से लेकर लोहिया पुल के बीच 50 से 60 पेड़ गिर जाने से हाईवे पर लखनऊ से अयोध्या की तरफ जाने वाली सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। गाड़ियों का आवागमन एक ही लेन से हो रहा था। इससे सड़क पर लम्बा जाम लग गया। जबकि गाओं को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले सभी रास्ते लगभग पेड़ गिरने से बाधित रहे।

इसे भी पढ़े  अवध विवि की एनईपी स्नातक सम सेमेस्टर परीक्षा शुरू

ड्योढ़ी स्थित श्री राम बल्लभा भगवंत विद्यापीठ इंटर कॉलेज इंटर कॉलेज के लगभग 10 कक्षाओं के टीन शेड उड़ गये। तहसील क्षेत्र के कलाफ़रपुर मजरे दुर्गा मिश्र का पुरवा में भी आंधी और बारिश से एक विशालकाय नीम का पेड़ गाय की गौशाला पर गिर गया। जिससे उस पर रखा करीब 30 सीमेंट का पतरा(छान) चकनाचूर हो गया। तेज आंधी से क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर टूटकर जमीदोज हो गये हैं।जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई पूर्ण रूप से ठप हो गयी है। विजली विभाग की सतर्कता से किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सका।

एसडीएम सोहावल अभिषेक सिंह ने बताया कि राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया है। जिसके आधार पर मृतकों के परिजनों को शासन से मिलने वाली धनराशि के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। जबकि एक महिला मृतका के पति ने पोस्टमार्टम और सरकार से मिलने वाली राशि के लिए मना किया है। उनकी भावनाओं की कद्र करते हुए उनकी बात मान ली गई है। थानाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि थाना क्षेत्र में हाईवे पर लगभग 50-60 पेड़ गिर गये थे। जिन्हें हटवाकर आवागमन शुरू करा दिया गया।

चार परिवारों को शासन स्तर से 24 घंटे के अंदर मिली दैवीय आपदा की राशि

बृहस्पतिवार की शाम आये तेज आंधी तूफान और बारिश की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में बीकापुर विधायक डा. अमित सिंह चौहान एस डी एम सोहावल अभिषेक सिंह और तहसील प्रशासन की तत्परता से 24 घंटे के भीतर मृतकों के चार परिवार को दैवीय आपदा की राशि शासन से प्रदान की गयी।

इसे भी पढ़े  ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर मिठाई बांटी

तीन फीडर पर हुआ भारी नुकसान, 30 से अधिक ट्रांसफार्मर हुए क्षतिग्रस्त

सोहावल। तहसील क्षेत्र में आंधी तूफान के साथ हुई तेज बारिश और कहीं-कहीं हुई ओलावृष्टि से 11हजार और 440 के बी ए के लगभग 300 पोल टूट कर गिर गए। जबकि 30 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। विद्युत व्यवस्था ठीक करने के लिए उप मंडलीय अधिकारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि सभी फील्डरों के कर्मियों को पेट्रोलिंग पर लगाया गया है।

जहां नुकसान कम हुआ है वहां फाल्ट ठीक करके विद्युत व्यवस्था बहाल की गई है। जहां अधिक नुकसान हुआ है वहां जल्द ही व्यवस्था को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।टूटे पोल और क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर को जल्द ही बदलने का प्रयास किया जा रहा है जिससे कि क्षेत्रवासियों को सुचारू रूप से विद्युत व्यवस्था मिल सके।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya