शक का इलाज है मनोचिकित्सा के पास : डा. आलोक मनदर्शन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-शक्की-माइंड कर सकता है साइको-क्राइम, मरीज का शक व अज्ञान-स्वजन हैं इलाज में बाधक

अयोध्या। शक एक ऐसा मर्ज है जिसका इलाज हकीम लुकमान के पास तो नहीं था, पर मनोचिकित्सा से इसका सटीक उपचार होता है। इस रोग का अल्प व मध्यम रूप पैरानोइड पर्सनालिटी डिसऑर्डर-पीपीडी तथा विराट-रूप पैरानोइड सीज़ोफ्रेनिआ कहलाता है। देश में ऐसे मरीज सवा करोड़ से भी अधिक हैं जो अधिकांशतः बीस से पैंतालिस उम्रवर्ग के हैं।

लक्षण:

ऐसे मरीज को लग सकता है कि उसके दिमाग़ को कोई दूसरा पढ़ रहा या नियंत्रित कर रहा या दिमाग़ में तरंगे भेज रहा है। किसी सेलीब्रिटी से रोमांटिक सम्बन्ध या सुपरपावर वाला व्यक्ति होने या दूसरों का मन पढ़ लेने, सहकर्मियो या अन्य द्वारा षड्यंत्र किए जाने,जहर देने या हमला करने जैसी आशंकाए दिख सकती हैं। लव-पार्टनर या विवाहित साथी से बेवफाई का शक सुसाइड या होमीसाइड भी करा सकता है। मरीज को अवास्तविक दृश्य, आवाज़, गंध, स्वाद व स्पर्श भी अनुभव हो सकते हैं।

उपचार:

शक्की मरीज के उपचार में परिजनों की जागरूता पहली शर्त है ,क्योंकि रोगी अपने को बीमार नहीं मानता और न ही दवा खाने को तैयार होता है, बल्कि उसे डॉक्टर,दवा व परिजनों पर इलाज के नाम पर जानलेवा साजिश का शक होता है। ऐसा मरीज आत्मरक्षा में घर छोड़ भाग भी सकता है। रही-सही कसर पूरी कर देता है परिजनों का मरीज के प्रति दंडात्मक प्रतिक्रिया व अंधविश्वास जन्य क्रिया कलाप। परिजन सतर्कता, संवेदनशीलता,परोक्ष-औषधि चिकित्सा, बोध- व्यवहारिक चिकित्सा से रोगी में स्वस्थ अंतर्दृष्टि का विकास व मनोपुनर्वास होता है। जिला चिकित्सालय के मनकक्ष में आयोजित विश्व सीज़ोफ्रेनिआ जागरूकता दिवस -24 मई पूर्व संध्या कार्यशाला में जिला चिकित्सालय के मनोपरामर्शदाता डा आलोक मनदर्शन ने यह जानकारी दी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya