आईटीएमएस प्रणाली ने खोली यातायात नियमों के अनुपालन की पोल

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-तीन माह में 36,869 वाहनों का चालान, जुलाई में नियम के उल्लंघन में आई कमी

अयोध्या। नगर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लागू की गई इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) अब प्रभावी परिणाम देने लगी है। अत्याधुनिक कैमरों और स्वचालित निगरानी प्रणाली के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले तीन माह में कुल 36,869 वाहनों के चालान किए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि बड़ी संख्या में लोग अब भी यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।

आईटीएमएस के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग, रेड लाइट जंप करना, गलत दिशा (रॉन्ग डायरेक्शन) में वाहन चलाना तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर स्वचालित रूप से चालान जारी किए जा रहे हैं। नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार मई माह में सर्वाधिक 17,278 चालान किए गए, जबकि जून में 15,502 वाहनों पर कार्रवाई हुई। लगातार निगरानी और जागरूकता अभियानों का सकारात्मक प्रभाव जुलाई में दिखाई दिया, जब नियम के उल्लंघन के मामलों में कमी दर्ज की गई और 4,089 वाहनों के चालान किए गए। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के तीनों जोनों में आईटीएमएस प्रणाली लागू कर दी गई है।

इसके अंतर्गत निषाद राज चौराहा, टेढ़ी बाजार चौराहा, उदया चौराहा, नियावां, रिकाबगंज, नाका, पुलिस लाइन, सिविल लाइन, देवकाली चौराहे सहित 20 प्रमुख चौराहों पर हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और स्मार्ट ट्रैफिक मॉनिटरिंग उपकरण स्थापित किए गए हैं। ये कैमरे चौबीसों घंटे यातायात गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को पुलिस सहायता एक बटन दबाते ही उपलब्ध कराई जाती है।

इसे भी पढ़े  अब किसानों को एक कॉल पर मिलेगी विशेषज्ञों की सलाह, हेल्पलाइन शुरू

इससे न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है, बल्कि सड़क सुरक्षा भी बेहतर हुई है। नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वह हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं। ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करें। गलत दिशा में वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का ईमानदारी से अनुपालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और अनावश्यक चालान से भी बचा जा सकेगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya