अयोध्या में कैंसर मरीजों के लिए विशेष ओपीडी शुरू

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-मणिपाल हॉस्पिटल दिल्ली के विशेषज्ञ देंगे परामर्श


अयोध्या। अयोध्या में कैंसर मरीजों को उनके घर के नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एचसीएमसीटी मणिपाल हॉस्पिटल, दिल्ली ने अयोध्या में विशेष कैंसर ओपीडी की शुरुआत की है। यह ओपीडी रविवार को दिव्य हॉस्पिटल, परिक्रमा मार्ग, सिविल लाइंस, फैजाबाद में आयोजित की गई, जहां सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मरीजों की जांच कर विशेषज्ञ परामर्श दिया गया।

इस विशेष ओपीडी में मणिपाल हॉस्पिटल्स के चेयरमैन, मणिपाल कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर सेंटर एवं ऑन्को रोबोटिक सर्जरी के प्रमुख डॉ. सुरेंद्र कुमार डबास तथा एचसीएमसीटी मणिपाल हॉस्पिटल, द्वारका के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. हिमांशु शुक्ला ने मरीजों का परीक्षण कर उपचार संबंधी सलाह दी।

विशेषज्ञों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में देश के सबसे अधिक कैंसर मरीज सामने आते हैं। राज्य में कैंसर के अनुमानित मामलों की हिस्सेदारी 14.4 प्रतिशत से अधिक है, जिसमें मुँह, सिर और गले के कैंसर के मरीजों की संख्या काफी अधिक है। जागरूकता की कमी और समय पर जांच न होने के कारण अधिकांश मरीज गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे उपचार कठिन हो जाता है।

डॉ. सुरेंद्र कुमार डबास ने कहा कि यदि कैंसर का समय रहते पता चल जाए तो उपचार के परिणाम काफी बेहतर होते हैं। उन्होंने बताया कि आधुनिक रोबोटिक सर्जरी और मिनिमली इनवेसिव तकनीकों की मदद से जटिल कैंसर का भी अधिक सटीक और प्रभावी उपचार संभव है, जिससे मरीजों की रिकवरी तेज होती है।

वहीं, डॉ. हिमांशु शुक्ला ने कहा कि ओरल कैंसर भारत में सबसे आम कैंसरों में से एक है। तंबाकू, धूम्रपान और मदिरापान इसकी प्रमुख वजह हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि मुँह में लंबे समय तक छाले बने रहें, गांठ महसूस हो, निगलने में परेशानी हो या घाव ठीक न हो रहे हों तो तुरंत विशेषज्ञ से जांच कराएं।

इसे भी पढ़े  राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में सभी आरोपी कोर्ट में किए गए पेश

दिव्य हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. वी. पी. सिंह ने कहा कि अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ ऑन्कोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है। इससे मरीजों को शुरुआती जांच और विशेषज्ञ राय के लिए बड़े शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि एचसीएमसीटी मणिपाल हॉस्पिटल अत्याधुनिक तकनीक, रोबोटिक असिस्टेड सर्जरी और मरीज-केंद्रित उपचार के माध्यम से अयोध्या सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उन्नत कैंसर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya