सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर जूते-चप्पल चलाए जाने के विरोध में सपाईयों ने किया प्रदर्शन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग

अयोध्या। संसद परिसर में कांग्रेस सांसद पप्पू यादव के भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर जूते-चप्पल चलाए जाने के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी राजनीतिक दल के शीर्ष नेताओं के चित्रों का सार्वजनिक रूप से अपमान करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और राजनीतिक विद्वेष फैलाने का प्रयास हैं। यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी। पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर अभद्रता और अराजकता को बढ़ावा देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन किसी नेता के सम्मान को ठेस पहुंचाना संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं का अपमान करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल अवधेश प्रसाद का अपमान ही नहीं है पूरे दलित समाज का अपमान है।उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी उर्फ़ रुश्दी मियां ने कहा कि लोकतंत्र संवाद, सम्मान और सहिष्णुता की भावना से चलता है। राजनीतिक मतभेदों को हिंसक और अपमानजनक रूप देना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए घातक है।

इसे भी पढ़े  निबन्ध प्रतियोगिता में श्री गुरू वसिष्ठ गुरूकुल विद्यापीठ के 9 बटुक चयनित

उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित किया जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके। ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राजनीतिक शुचिता बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया।

सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पूर्व एमएलसी लीलावती कुशवाहा,जिला महासचिव बख्तियार खान, राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, शावेज़ जाफरी, अमृत राजपाल, राम सागर वर्मा, बलराम मौर्या, धर्मवीर वर्मा,बाबूराम गौड़, एजाज अहमद, ललित यादव, दान बहादुर सिंह,मोहम्मद शोयब खान, जय सिंह यादव, अंसार अहमद, राशिद जमील, ओपी पासवान,पृथ्वीराज यादव, रामजी पाल, आजाद सिंह चौहान, कैलाश कोरी, अशोक यादव, डॉ राम सुमेर भारती, अलाउद्दीन, पूजा वर्मा, विद्याभूषण पासी, नीरज यादव, मुकेश यादव, मो0 आमिर खान, ननकन यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya