-पुलिस ने गिरोह के पास से आठ बाइक और अन्य पार्ट्स बरामद किए
अयोध्या। जनपद की इनायतनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय एक वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह दो पहिया वाहनों को चोरी कर इनके पार्ट्स अलग कर पुर्जों को बेचता था। पुलिस ने गिरोह के पास से आठ बाइक और अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं। दर्ज वाहन चोरी के मामलों में पकड़े गए आरोपियों का चालान किया है।
सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक देहात बलवंत चौधरी ने बताया कि इनायतनगर थाना क्षेत्र में समय समय पर वाहन चोरी की घटना प्रकाश में आई थी। पुलिस वाहन चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। इनायतनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह की पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के पूरे पाठक का पुरवा भागीपुर ब्रह्म बाबा स्थान से 25 वर्षीय अनीस कुमार उर्फ राजू पासी निवासी ग्राम सोनवर्षा थाना बल्दीराय जिला सुल्तानपुर, 39 वर्षीय विजेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ अतुल कुमार पाण्डेय निवासी पूरे नरेश पाण्डेय का पुरवा मजरे रैया थाना बल्दीराय जनपद सुल्तानपुर तथा कुमारगंज थाना क्षेत्र के लोधे का पुरवा मजरे धमसुवा निवासी 28 वर्षीय गंगा राम यादव और धमसुवा निवासी 23 वर्षीय अजय पाण्डेय को गिरफ्तार किया है।
इनकी निशानदेही पर कुल आठ मोटर साईकिल व दो मोटर साइकिल की चेचिस आदि बरामद हुई है। बरामद मोटर साइकिलों में से एक की चोरी की रिपोर्ट थाने में पंजीकृत मिली है। है लंबा आपराधिक इतिहास पकड़ा गया अजय पाण्डेय कुमारगंज और गंगा राम यादव सुल्तानपुर के हलियापुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। अजय के खिलाफ चोरी,लूट,जानलेवा हमला,आयुध अधिनियम आदि के कुल 15 तथा गंगा राम के खिलाफ जनपद और पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर में चोरी,लूट,आयुध अधिनियम,आबकारी अधिनियम आदि के 14 मामले दर्ज मिले हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में इन लोगों ने चोरी मोटर साइकिलों के पार्ट्स अलग कर पुर्जे आदि बेचने की बात स्वीकार की है। अन्य बरामद मोटरसाइकिल और चेसिस की विस्तृत जांच कराई जा रही है,जिससे इनके मालिक का पता चल सके और घटना से पर्दा उठ सके। मामले में सभी आरोपियों का अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है।