-‘सखी कैफे’ से महिलाओं के हुनर को मिलेगा बाजार, स्वाद के साथ स्वच्छता और संस्कार का संगम, महिलाओं ने खोली सखी कैफे
अयोध्या। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत गुरुवार को विकास भवन में ‘सखी कैफे’ का शुभारंभ किया गया। यह कैंटीन ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का नया मंच बनेगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अयोध्या (आईएएस) आदित्य अग्रवाल व जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश यादव एवं उपयुक्त स्वत: रोजगार सरिता गुप्ता ने मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के सहयोग से संचालित इस कैंटीन का उद्घाटन किया। समूह में 14 महिलाएं सक्रिय हैं। इन्हें सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के रूप में एक लाख पंद्रह हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी ये महिलाएं अब चाय, नमकीन, समोसे और आलू टिक्की जैसे स्वादिष्ट व स्वच्छ व्यंजन तैयार कर ग्राहकों को परोसेंगी।
प्रेरणा कैंटीन स्वाद के साथ स्वच्छता और संस्कार का अनूठा संगम पेश करेगी। यहां महिलाओं द्वारा तैयार किए गए साफ-सुथरे और पौष्टिक नाश्ते उपलब्ध होंगे, जिससे न केवल स्थानीय लोगों को अच्छा खाना मिलेगा बल्कि महिलाओं को नियमित रोजगार और आय का स्थायी स्रोत भी उपलब्ध होगा। कंचन सिंह और सरिता शर्मा सहित समूह की अन्य सदस्यें इस कैंटीन को सफलतापूर्वक चलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
चारदीवारी से बाहर निकल आर्थिक रूप से मजबूत होने का कदम
कंचन ने बताया कि यह पहल महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकालकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। योगी सरकार की इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने और बाजार से जुड़ने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। प्रेरणा कैंटीन अब आत्मनिर्भरता की पहचान बनने जा रही है।
बदलाव की नई सुबह शुरू हो गई
सरिता शर्मा ने बताया कि महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाई देने वाली यह पहल अयोध्या जिले में अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। सरकार की मंशा है कि आने वाले समय में जिले के विभिन्न स्थानों पर ऐसी और कैंटीनें खोली जाएं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से महिलाओं के हुनर को बाजार मिला है और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई सुबह शुरू हुई है।
कार्यालय कर्मचारी, आगंतुक और आम नागरिक होंगे लाभान्वित
जिला मिशन प्रबंधक सरिता वर्मा ने बताया कि ऐसी कैंटीनें न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करेंगी बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वच्छ और किफायती भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करेंगी। विकास भवन परिसर में शुरू हुई इस कैंटीन से आसपास के कार्यालय कर्मचारी, आगंतुक और आम नागरिक लाभान्वित होंगे।