नुक्कड़ नाटक से महिला स्वास्थ्य का संदेश, ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों की दी जानकारी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या,। ‘स्वस्थ नारी, सशक्त समाज’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजकीय डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, देवकाली की ओर से महिला स्वास्थ्य एवं ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूक किया। वहीं विशेषज्ञ चिकित्सक ने स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. आशीष कुमार सिंह एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. चंद्रमुखी गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के तहत 19 अगस्त को झुंझुनवाला पीजी कॉलेज परिसर में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से महिला स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सामाजिक झिझक एवं भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया।

छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव, स्वच्छता, पोषण, मातृत्व देखभाल और समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने प्रस्तुति के माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

समय पर जांच से संभव है बेहतर उपचार

20 अगस्त को राजकीय डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मैक्स हॉस्पिटल, लखनऊ की डॉ. फराह अरशद ने स्तन कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, जोखिम कारक, स्क्रीनिंग, नियमित जांच और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच से बीमारी की पहचान और उपचार में मदद मिल सकती है।

इसे भी पढ़े  रामलला दर्शन को आने वाले श्रद्धालु हमारे अतिथि, करें सत्कार : गिरीशपति त्रिपाठी

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्तन कैंसर की समय रहते पहचान, जांच तथा उपचार के प्रति सजगता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. डॉ. आशीष कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. चंद्रमुखी गुप्ता, चिकित्सक, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने जागरूकता अभियान में सहयोग के लिए मैक्स हॉस्पिटल, लखनऊ और डॉ. फराह अरशद के प्रति आभार जताया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya