सपा प्रत्याशी ने डीएम और वरिष्ठ जेल अधीक्षक पर जेल मैनुअल उल्लघंन का लगाया आरोप
अयोध्या। गोसाईगंज विधान सभा के सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक अभय सिंह ने जेल मैनुअल के उल्लघंन का जिलाधिकारी नितीश कुमार और वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. शशिकांत मिश्र पर आरोप लगाया है। उन्होंने जेल में निरूद्व कैदी भाजपा के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग में शिकायत और हाईकोर्ट में रिट दायर करने की बात कही।उन्होंने विधान सभा चुनाव में गोसाईगंज में सरकारी मशीनरी के दुरूपयोग का आरोप लगाया है।
रविवार को सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक अभय सिंह ने कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक के लिए जेल मैनुअल कोई मायने नहीं रखता। पूरे प्रदेश में जेल में मुलाकात बंद है, लेकिन मंडल कारागार में पूर्व विधायक से अधिकारियों के संरक्षण में मुलाकात जारी है। उन्होंने कहा कि जनता मंहगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने कहा कि गोसाईगंज में पूर्व भाजपा विधायक ने अधिकारियों की मिलीभगत से कोटेदार, सेक्रेटरी व थानेदारों से पांच वर्ष तक धन उगाही की।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता विकास की बात करते हैं, लेकिन सच्चाई है कि भाजपा नेताओं ने स्वयं का विकास किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जातियों को बांटकर राजनीति की, लेकिन अब जतना समझ चुकी है। विधानसभा चुनाव में जनता जवाब देगी। इस मौके पर पूर्व विधायक सिंह एवं जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने पार्टी कार्यालय पर बसपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनील वर्मा, कांग्रेस के महासचिव सुनील सिंह व भाजपा नेता रात अरज वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों को सपा की सदस्यता दिलाई।
इस मौके पर मुख्य रूप से सपा जिला अध्यक्ष गंगासिंह यादव, जिला प्रवक्ता चौधरी बलराम यादव, जिला उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, युवा नेता विनय मौर्य मोनू, महानगर महिला अध्यक्ष सरोज यादव, जिला सचिव अंसार अहमद बब्बन, विधान सभा सचिव राकेश पाण्डेय आदि लोग मौजूद रहे।