-स्वर्ण पदक व उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों को बांटी जा रही कैप व प्रवेश पहचान पत्र
अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के 28वें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी 10 अगस्त को एग्री बिजनेस मैनेजमेंट सभागार में आयोजित होने वाले समारोह में प्रदेश की कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी।
समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कैप, प्रवेश पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण शुरू कर दिया गया है। रविवार को शाम चार बजे से दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। इसमें छात्र-छात्राओं को शोभायात्रा, डिग्री एवं उपाधि वितरण, मंच संचालन, राष्ट्रगान एवं कुलगीत सहित समारोह की विभिन्न प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया जाएगा, ताकि मुख्य समारोह के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने समारोह में आने वाले अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं। समारोह स्थल, मंच, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, अनुशासन, अतिथियों के स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों का उत्सव है। यह अवसर विद्यार्थियों को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में नई तकनीकों को अपनाकर बेहतर योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। समारोह स्थल सहित प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वर्षों की मेहनत के बाद उपाधि और स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में समारोह को लेकर खासा उत्साह है।