अयोध्या। जिला चिकित्सालय अयोध्या में कार्यरत संविदा डॉक्टरों एवं कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। इमरजेंसी के सामने एकत्र होकर डॉक्टर सहित संविदा कर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द भुगतान की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे संविदा कर्मियों व डॉक्टरों का कहना है लगातार तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि रोजमर्रा के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों को पूरा करना चुनौती बन गया है।संविदा डॉक्टरों ने कहा कि वे लगातार मरीजों की सेवा में लगे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, मगर अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। संविदा कर्मी संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेतन भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अनवरत धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जल्द समाधान निकालने की मांग की। इस दौरान डॉ. आशीष पाठक ने बताया कि कोरोना के दौरान जान हथेली पर रखकर हम लोगों ने कितनों की जान बचाई।
हम लोग अपनी ड्यूटी पर रहकर लोगों की सेवा करते रहे। डॉ. पंकज कुमार, डॉ. विशाल चौधरी, डॉ. वीरेंद्र वर्मा, डॉक्टर आशुतोष प्रताप सिंह, डॉक्टर पल्लवी श्रीवास्तव, नेत्र प्रशिक्षक विकास श्रीवास्तव, अस्पताल प्रबंधक राजेंद्र तिवारी, लेखा सहायक एवं महामंत्री अखिलेश सिंह, स्टाफ नर्स हिना परवीन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामबली गुप्ता एवं तमाम एनआरएचएम स्टाफ नर्स टेक्नीशियन आदि लोग ने विरोध प्रकट किया।