-गोरखपुर जनपद निवासी भानु प्रताप की पहचान पूर्वांचल में सुपारी शूटर के रूप में थी
अयोध्या। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र में एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के साथ हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी कॉन्टेक्ट किलर ढेर हो गया। मौके से पुलिस ने स्टेनगन व पिस्टल बरामद की है। इसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। एसटीएफ टीम ने महाराजगंज थाने में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रयागराज एसटीएफ इकाई के निरीक्षक जेपी राय की टीम को एक लाख के इनामी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू उम्र लगभग 38 वर्ष के जनपद में मूवमेंट की जानकारी मिली थी। रविवार की देर रात लगभग 11 बजे एसटीएफ ने महाराजगंज थाना क्षेत्र के एमी घाट के पास घेराबंदी की तो बाइक सवार युवकों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठा भाग निकला। इलाकाई पुलिस को सूचित कर घायल भानु प्रताप को एसटीएफ ने सीएचसी पूरा बाजार पहुंचाया तो डाक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। दर्शननगर मेंडिकल कॉलेज लाए जाने के बाद डॉक्टरों उसको मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक गोरखपुर जनपद निवासी भानु प्रताप की पहचान पूर्वांचल में सुपारी शूटर के रूप में थी। उसके खिलाफ आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती और अम्बेडकरनगर में डकैती और हत्या समेत अन्य के लगभग 41 मामले दर्ज थे। एक दूध कारोबारी की हत्या में फरार भानु प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के लिए आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था। जबकि उसपर अंबेडकरनगर से 50 हजार और गोरखपुर से 25 हजार व बस्ती से 15 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का दावा है कि भानु प्रताप सिंह पूर्वांचल में व्यापारियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूल रहा था और सुपारी लेकर हत्या को अंजाम देता था।