राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्र

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-राम मंदिर दान घोटाले पर टिप्पणी करने से किया इनकार

अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शनिवार को अयोध्या पहुंचे। वह राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में भाग लेने तथा मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए आए हैं। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर संबंधित अधिकारियों और मंदिर निर्माण से जुड़े पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल निर्माण कार्यों की निगरानी और समीक्षा तक सीमित है। उन्होंने बताया कि अयोध्या दौरे के दौरान निर्माण समिति की बैठक में मंदिर परिसर से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा आगामी कार्यों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य फोकस निर्माण कार्यों को निर्धारित समय और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराना है।

इस दौरान जब उनसे राम मंदिर में कथित दान घोटाले को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। नृपेंद्र मिश्र ने स्पष्ट कहा, “मैं केवल निर्माण देखता हूं और कुछ नहीं।” उन्होंने दान संबंधी विवादों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और कहा कि उनका कार्यक्षेत्र केवल निर्माण गतिविधियों तक सीमित है। गौरतलब है कि राम मंदिर परिसर में विभिन्न निर्माण और विकास कार्य अभी भी जारी हैं, जिनकी प्रगति की समीक्षा के लिए समय-समय पर निर्माण समिति की बैठकें आयोजित की जाती हैं।

राम जन्मभूमि ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से किया जाए भंग: हिंदू महासभा

अयोध्या। राम जन्मभूमि ट्रस्ट में करोड़ों रुपए चंदें के रूप में प्राप्त की गई धनराशि की हुई हेरा फेरी, गबन, व चोरी की घटना को देखते हुए हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अधिवक्ता मनीष पांडेय ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर यह मांग की है कि तत्काल प्रभाव से राम जन्मभूमि ट्रस्ट को भंग किया जाए एवं इसकी गहन जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड न्यायाधीशों से की करवाई जाए। श्री पांडे द्वारा प्रेषित पत्र में यह मांग भी की गई है कि क्योंकि राम जन्मभूमि का ऐतिहासिक निर्णय एवं ट्रस्ट का गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार किया गया था इसलिए इसको भंग करने और इसकी जांच करने का अधिकार भी सुप्रीम कोर्ट को ही है, प्रेषित पत्र में यह मांग भी की गई है कि ट्रस्ट के द्वारा खरीदी गई अयोध्या में जमीनों के संबंध में घोटाला , फर्जी चेक के माध्यम से ट्रस्ट के बैंक खाता से पैसा निकल जाने की घटना , मंदिर के दान पत्र से करोड़ों रुपए निकाले जाने की वर्तमान घटना ,जिसमें मंदिर के ही कार्यरत कर्मचारियों को उक्त घटना में पकड़ा गया है इन सभी जांचों के अलावा राम जन्मभूमि आंदोलन में इकट्ठा किए गए 1400 करोड रुपए के लगभग कहां गए?

इसे भी पढ़े  राम मंदिर दान गबन में हुई छापेमारी, 12 लाख बरामद

इसका हिसाब किताब आज तक कोई नहीं दे सका है राम जन्मभूमि आंदोलन के समय अनेक सोने चांदी की ईंटें ,अन्य आभूषण ,दान के रूप में प्राप्त हुए थे वह अब कहां है? इसका भी कोई जवाब और लेखा-जोखा किसी भी व्यक्ति द्वारा नहीं दिया गया हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अधिवक्ता मनीष पांडेय द्वारा प्रेषित पत्र में यह भी मांग की गई है कि माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय वैसे तो राज्य सरकार और संघ इसकी जांच गुप्त रूप से करवा रहा है किंतु अयोध्या के प्रमुख संत इस जांच से नाराज हैं, असंतुष्ट हैं, और मीडिया के सम्मुख स्पष्ट रूप से कहा जा रहा है कि जो चोर है वहीं जांच करवाएंगे तो भला जांच निष्पक्ष कैसे हो सकती है भला? क्योंकि उन्हें लगता है की जांच निष्पक्ष नहीं होगी और पूरे मामले की जांच के दौरान लीपा पोती खानापूर्ति कर दी जाएगी, सुप्रीम कोर्ट ही इस जांच को निष्पक्ष रूप से कर सकती है ऐसा हमारा विश्वास है आधार तत्काल प्रभाव से ट्रस्ट को भंग करने की कार्रवाई करते हुए इसकी गहन जांच निष्पक्षता पूर्वक की जाए।

प्रभारी मंत्री के बयान की भाकपा नेता ने की आलोचना

अयोध्या। भाकपा नेता एवं समाजसेवी सूर्य कांत पाण्डेय ने जनपद के प्रभारी मंत्री के उस बयान की आलोचना किया है जिसमें चढ़ावे की भयंकर लूट को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का आंतरिक मामला बताते हुए पल्ला झाड़ने का असफल प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि देश के सैकड़ों समाजसेवी ट्रस्टों पर ईडी सीबीआई और अन्य गैर-सरकारी संगठनों पर लगाने वाली सरकार इस ट्रस्ट की लूट को आंतरिक मामला बता कर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि यह लूट सीधे केंद्र सरकार के लचीलेपन का नतीजा है।

इसे भी पढ़े  एकीकृत कृषि प्रणाली से आत्मनिर्भर बनेंगे किसान : डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह

उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच तुरंत सीबीआई से करवाया जाना आवश्यक है। प्रत्येक भ्रष्टाचार पर सीधे ईडी भेजने, प्रभावित लोगों के संस्थान अपने चहेते को खरीदवाने तथा, विरोधी दलों के लिए करने वाली सरकार लगातार सुर्खियों में चलने वाले श्रद्धालुओं के धन की लूट कैसे बर्दाश्त कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित तरीके से की जा रही श्रद्धा के धन की लूट है जिसका खुलासा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने मांग किया कि सभी संदिग्ध लोगों को तत्काल हिरासत में लेकर चढ़ावे के धन की लूट का पर्दाफाश आवश्यक है वर्ना लोगों का विश्वास टूट जाएगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya