-मौके पर पहुंची जेसीबी हुई पंचर, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
सोहावल। शारदा सहायक बड़ी नहर कटने से बाल बाल बच गई। एक दिन पहले एक पुलिया के पास आए रिसाव ने कटान का रूप ले लिया।नहर के किनारे बनी पक्की सड़क भी धसने लगी। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को चेताया। आनन फानन में बाढ़ एवं नहर खण्ड के अभियंता मौके पर पहुंचे। मजदूरों के अथक प्रयास के बाद कटान स्थल को बंद करने का काम शुरू किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी मशीन दगा दे गई।नहर कटने से तो बच गयी। लेकिन रिसाव अभी भी जारी है। रविवार को अंजनाई तारा के निकट बनी एक पुलिया के पास से नहर का रिसाव शुरू हुआ। अपने पूरे रौद्र रूप में चल रही नहर ने धीरे-धीरे नहर कटने का रास्ता बना दिया। सोमवार को सुबह ग्रामीणों ने नहर को कटते देखा तो उनके पैरों तले धरती खिसक गई।
सैकड़ों एकड़ फसल जल मग्न होने की आशंका से सब घिर गए। सूचना ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को दी। मौके पर राजस्व विभाग की टीम सहित बाढ़ एवं नहर विभाग के अभियंता पहुंचे और मजदूरों के माध्यम से कटान स्थल को भरने का काम शुरू हुआ। तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कटान बड़ी होने से पहले नहर और बाढ़ खण्ड के अभियंता पहुंच गए हैं। मिट्टी भराई क्या काम चल रहा है। नहर कटने की संभावना अब नहीं है।