विधि और न्याय मानव अधिकारों के संवाहक : प्रो. अशोक राय

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-अविवि में मानव अधिकार दिवस पर व्याख्यान व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल के निर्देशन में मंगलवार को मानव अधिकार दिवस पर विधि विभाग में मानव अधिकार एवं भारत का संविधान विषय पर व्याख्यान एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में विधि संकायाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार राय ने कहा कि विधि और न्याय मानव अधिकारों के संवाहक हैं।

हमारे संविधान ने हर नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान किए हैं, लेकिन उनकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। इस दिवस पर हमें यह प्रण लेना चाहिए कि हम अपने प्रयासों से न्याय और समानता सुनिश्चित करेंगे। विधि के छात्रों का उद्देश्य सिर्फ कानून पढ़ना नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करना होना चाहिए।

कार्यक्रम में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ० अजय कुमार सिंह ने कहा कि मानव अधिकार समाज की नींव हैं, जो हर व्यक्ति को गरिमा और स्वतंत्रता के साथ जीने का अधिकार देते हैं। इस अधिकार की रक्षा करना न केवल सरकार का कर्तव्य है, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है। आज का दिन हमें यह याद दिलाता है कि हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए। इसी क्रम में डॉ०सन्तोष पाण्डेय ने कहा कि मानव अधिकार केवल नैतिक सिद्धांत नहीं हैं, बल्कि वे अंतरराष्ट्रीय शांति और विकास के लिए आवश्यक स्तंभ हैं।यह विचार बताता है कि मानव अधिकार केवल व्यक्तिगत स्वतंत्रता का विषय नहीं है, बल्कि यह वैश्विक स्थिरता का आधार भी है।

डॉ. विवेक सिंह ने बताया कि सभी मनुष्य जन्म से स्वतंत्र और समान अधिकारों के साथ पैदा होते हैं। उन्हें सम्मान और गरिमा के साथ जीने का अधिकार है। मानव अधिकारों की यह सार्वभौम घोषणा अंतरराष्ट्रीय कानून का आधार है, जिसे सभी राष्ट्रों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया है। डॉ०वन्दना गुप्ता ने कहा कि मानव अधिकार किसी सरकार का उपहार नहीं, बल्कि हर व्यक्ति का जन्मसिद्ध अधिकार है।यह विचार सरकारों की जिम्मेदारी और नागरिकों के अधिकारों के बीच संबंध को स्पष्ट करता है।

इसे भी पढ़े  आरटीओ ऋतु सिंह को किया गया सम्मानित

दूसरी ओर भाषण प्रतियोगिता में एलएल०एम० पाठ्यक्रम के विद्यार्थी प्रशांत सिंह, राधा मिश्रा एवं जितेंद्र कुमार वर्मा क्रमशः प्रथम ,द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को पुरस्कार विधि संकायाध्यक्ष प्रो०अशोक कुमार राय द्वारा दिया गया। इस अवसर दिलीप शुक्ला सहित विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya