राम की पैड़ी से संग्रहित किये जांच के लिए नमूने
अयोध्या। प्रदेश की पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने रविवार को अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त के साथ राम की नगरी में कई स्थानों पर निर्माण और सुंदरीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गड़बड़ियों की शिकायत पर जांच के लिए निर्माण सामग्री के नमूने भी एकत्र किए।
पर्यटन मंत्री सुश्री जोशी सबसे पहले राम की पैड़ी पहुंची। यहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दीपोत्सव के पूर्व अयोध्या की विकास योजना के तहत कराए जा रहे सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पर्यटन मंत्री से शिकायत दर्ज कराई कि राम की पैड़ी में लगाए जा रहे टाइल्स मानक के अनुरूप नहीं है, इन टाइल्स को लगाने के दौरान सीमेंट में भी गड़बड़ी की गई है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पर्यटन मंत्री ने पुरानी और नई टाइल्स को जांच के लिए रखवा दिया। साथ ही सीमेंट और बालू से तैयार मसाले को भी जांच के लिए लखनऊ ले चलने के निर्देश दिये। इसके बाद पर्यटन मंत्री तुलसी उद्यान पहुंची, तुलसी उद्यान में निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। यहां से वह सीधे फैजाबाद सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गई। निरीक्षण के दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्त से भी उन्होंने निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी हासिल की।