दीपोत्सव-2026 से पहले लोक निर्माण विभाग ने तेज किया सौंदर्यीकरण अभियान

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-श्रीराम की नगरी को मिलेगा नया स्वरूप, प्रमुख मार्गों पर डेंटिंग-पेंटिंग जारी

अयोध्या। दीपोत्सव-2026 को भव्य, दिव्य और आकर्षक बनाने के लिए रामनगरी में तैयारियां तेज हो गई हैं। भगवान श्रीराम की नगरी को त्रेतायुगीन वैभव और सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप सजाने के क्रम में शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से धर्मपथ, रामपथ और महोबरा मार्ग के डिवाइडरों तथा उन पर लगी रेलिंग की डेंटिंग-पेंटिंग कराई जा रही है। रंग-रोगन के जरिए मार्गों को नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे दीपोत्सव के दौरान अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भव्य रामनगरी की झलक दिखाई दे।

प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण पर जोर

दीपोत्सव अयोध्या की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ा महापर्व है। इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए शहर की सजावट से लेकर प्रमुख मार्गों के रखरखाव तक विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। धर्मपथ और रामपथ रामनगरी की पहचान बन चुके हैं, वहीं महोबरा मार्ग भी आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में इन मार्गों के डिवाइडरों और रेलिंग का रंग-रोगन शहर की सुंदरता को निखारने के साथ दीपोत्सव की तैयारियों को भी नया स्वरूप देगा।

त्रेतायुगीन वैभव के अनुरूप सज रही रामनगरी

त्रेतायुग में भगवान श्रीराम की अयोध्या की कल्पना को आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक नगरीय स्वरूप के साथ जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बीच मार्गों का सौंदर्यीकरण महत्वपूर्ण है। दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या की सड़कों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष सजावट श्रद्धालुओं के स्वागत का माध्यम बनती है। डिवाइडरों और रेलिंग पर रंग-रोगन होने से प्रमुख मार्गों का दृश्य स्वरूप निखरेगा और रामनगरी की भव्यता में चार चांद लगेंगे।

इसे भी पढ़े  पुण्यतिथि पर याद की गई जिला पंचायत सदस्य स्वर्गीय मालती यादव

श्रद्धालुओं को मिलेगा सुंदर और आकर्षक मार्ग

लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड सहायक अभियंता शशांक पाण्डेय ने बताया कि दीपोत्सव-2026 को देखते हुए विभाग की ओर से प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों और उन पर लगी रेलिंग की डेंटिंग-पेंटिंग कराई जा रही है। इसमें धर्मपथ, रामपथ और महोबरा मार्ग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को सुंदर और व्यवस्थित शहर का अनुभव मिले, इसके लिए कार्य कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि प्रमुख मार्गों का स्वरूप आकर्षक बने और रामनगरी की धार्मिक महत्ता, सांस्कृतिक पहचान तथा भव्यता के अनुरूप तैयारियां पूरी की जाएं।

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला बढ़ावा

अयोध्या। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर स्थानीय बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। व्यापारियों के अनुसार, अब बाजारों में देर रात तक चहल-पहल बनी रहती है और दुकानें देर तक खुली रहने से कारोबार को भी अवसर मिल रहे हैं।

हनुमानगढ़ी, चौक, टेढ़ी बाजार, रामपथ और सिविल लाइन समेत प्रमुख बाजारों में शाम के बाद भी रौनक दिखाई देती है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही से दुकानें गुलजार रहती हैं। व्यापारियों का कहना है कि योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस की सक्रियता ने उन्हें सुरक्षित माहौल में कारोबार करने का भरोसा दिया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार से स्थानीय व्यापार को नई गति मिली है।

इसे भी पढ़े  दीपोत्सव से पहले नगर निगम चलाएगा मां सरयू स्वच्छता महाअभियान

रात होते ही सताने लगता था डर

अयोध्या उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले गुंडे-मवाली दुकानों पर आतंक फैलाते थे। रात होते ही डर का माहौल बनने लगता था। कई बार जबरन वसूली और लूट की घटनाएं होती थीं, जिसके कारण बाजार जल्दी बंद करने पड़ते थे और कारोबार प्रभावित होता था।उन्होंने कहा कि अब पुलिस की नियमित गश्त और सख्ती से व्यापारी निश्चिंत होकर कारोबार कर पा रहे हैं। उनके मुताबिक, दुकानें रात 11 से 12 बजे तक खुली रहती हैं और बिक्री पहले की तुलना में दोगुनी हो गई है।

सुरक्षा बेहतर होने से कारोबार में बढ़ोतरी

चौक बाजार के बेकरी कारोबारी संदीप मंध्यान ने कहा कि पहले कमजोर कानून व्यवस्था और गुंडाराज के चलते रात में बाजार सूने पड़ जाते थे। अपराधियों की गतिविधियों के कारण व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आने के बाद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। अब देर रात तक ग्राहक बाजार पहुंचते हैं और उनके कारोबार में 60 से 70 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।

पुलिस पेट्रोलिंग से व्यापारियों का भरोसा मजबूत

रिकाबगंज के दवा कारोबारी सुशील जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले रात के अंधेरे में गुंडे दुकानों पर आ जाते थे। कभी पैसे मांगते तो कभी सामान लूट लेते थे। ऐसे माहौल में कई व्यापारी जल्दी दुकान बंद कर घर जाने को मजबूर होते थे और कारोबार प्रभावित होता था।उन्होंने कहा कि अब पुलिस की पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी से सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। रात में भी माल की आवाजाही जारी रहती है और बिक्री बेहतर हो रही है।

इसे भी पढ़े  हादसों में दो की मौत, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा, एक घायल भर्ती

बाजारों में बढ़ी रौनक, कारोबारियों को मिल रहे अवसर

चौक बाजार के बर्तन कारोबारी कमल कौशल ने कहा कि पहले गुंडाराज के कारण रात में कारोबार करना जोखिम भरा था और कई बार नुकसान उठाना पड़ा। उनके मुताबिक, योगी सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और पुलिस दिन-रात गश्त करती है। अब बाजार देर रात तक जगमगाते हैं और कारोबार पहले से बेहतर हुआ है।

अपराधियों के खिलाफ जारी है सख्त कार्रवाई: एसएसपी

अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमित पेट्रोलिंग, चेक पोस्ट और सीसीटीवी निगरानी के जरिए बाजारों में भयमुक्त माहौल बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी देर रात तक सुरक्षित महसूस कर सकें, यह प्राथमिकता है। लक्ष्य है कि कोई भी अपराधी सिर न उठा सके।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya