-मां सरयू महास्वच्छता अभियान को लेकर नगर निगम ने की बैठक, 31 अक्टूबर को होगा मेगा क्लीनअप ड्राइव
अयोध्या। मां सरयू महास्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने रविवार को स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही होटल व्यवसायियों से सहयोग की अपील की। सुबह सात बजे रकाबगंज चौराहे पर मेगा क्लीनअप ड्राइव के तहत सफाई की गई। वहीं, शाम को अयोध्या धाम स्थित नगर निगम के जनरल कार्यालय में होटल व्यवसायियों के साथ बैठक कर 31 अक्टूबर को सरयू घाट पर प्रस्तावित विशेष सफाई अभियान में सहभागिता का आह्वान किया गया।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने होटल व्यवसायियों के साथ बैठक में कहा कि अयोध्या की स्वच्छता में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। होटल संचालक अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही मां सरयू महास्वच्छता अभियान में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने सभी होटल व्यवसायियों से 31 अक्टूबर को सरयू घाट पहुंचकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव और जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद मौजूद रहे।
इससे पहले महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अगुवाई में रिकाबगंज, हनुमानगढ़ी क्षेत्र और झारखंडी वार्ड में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़कों और आसपास के क्षेत्रों से पॉलिथीन सहित अन्य कचरा हटाया गया। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कहीं भी जलभराव न होने दें, ताकि मच्छरों के प्रकोप को रोका जा सके।
अभियान में पार्षद बृजेंद्र सिंह, अनीता द्विवेदी, पूर्व पार्षद बुद्धिपाल प्रजापति, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, हेमंत जायसवाल, आशीष श्रीवास्तव, आलोक द्विवेदी, सुबोध चतुर्वेदी, सतीश पांडेय, साहित्यकार डॉ. अनुजेंद्र तिवारी, चंद्रशेखर तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रप्रीत सिंह बेदी, आशीष कौर, जोगेंद्र कौर, विनीत पांडेय तथा चिंतन संस्था के आलोक सिंह राणा सहित अन्य लोग शामिल रहे।