– जनसुनवाई में पार्षदों ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं, महापौर ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
अयोध्या। सूर्यकुंड का मेला आगामी 17 सितंबर को आयोजित होगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम सफाई, प्रकाश, शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था करेगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मंगलवार को अयोध्या धाम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई संभव में अधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले से पहले संबंधित विभाग व्यवस्थाओं को पूरा कर लें और आयोजन के दौरान भी कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान महापौर के सामने 16 प्रकरण आए, जिनमें से नौ का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराएं।
गद्दोपुर में नगर निगम की भूमि पर पौधारोपण से संबंधित पैमाइश समय से न होने पर महापौर ने अधिकारियों को मौके पर जाकर पैमाइश कराने तथा जल्द से जल्द पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। जनौरा के टड़वा में नाली निर्माण में विलंब की शिकायत स्थानीय नागरिकों ने की। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को नाली का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अतिक्रमण, टैक्स, सफाई, जलभराव समेत अन्य समस्याएं भी सामने आईं। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि इस मौके पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव एवं सुमित कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद, सुभाष त्रिपाठी, विनय सिंह, सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव, भारत वर्मा तथा पार्षद मनीष चौधरी, अनुज दास, दीप कुमार, अंकित तिवारी, रिशु पांडेय आदि मौजूद रहे।